जामा मस्जिद के कबूतर मार्केट में बड़ी कार्रवाई, 863 पक्षी-जानवर मुक्त; पांच दुकानें सील
मध्य जिला पुलिस ने कबूतर मार्केट में संयुक्त कार्रवाई कर 863 पशु-पक्षियों को अमानवीय परिस्थितियों से मुक्त कराया। पांच दुकानें सील की गईं और अवैध बिक्री व क्रूरता के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया।

मध्य जिला पुलिस ने कबूतर मार्केट में संयुक्त कार्रवाई कर 863 पशु-पक्षियों को अमानवीय परिस्थितियों से मुक्त कराया।
HighLights
कबूतर मार्केट में संयुक्त कार्रवाई, 863 पशु-पक्षी मुक्त कराए गए।
पांच दुकानें सील, अवैध व्यापार में पांच लोग गिरफ्तार।
संरक्षित प्रजातियों सहित अमानवीय परिस्थितियों में रखे गए थे जीव।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। मध्य जिला पुलिस ने ''पीपल फार एनिमल्स'' (पीएफए), ''वर्ल्ड वाइड एनिमल'' और वन एवं वन्यजीव विभाग के साथ मिलकर कबूतर मार्केट, जामा मस्जिद एरिया में संयुक्त कार्रवाई की है। इस कार्रवाई में अवैध रूप से पालतू जानवरों व पक्षियों की बिक्री और उन्हें अमानवीय परिस्थितियों में रखने के आरोप में पांच दुकानों को सील किया गया और 863 पक्षियों व जानवरों को मुक्त कराया गया।
इस मामले में पांच व्यक्तियों को पकड़ा गया है, जिनकी पहचान इकबाल खान, आकाश, कनी राम, मोहम्मद आदिल खान और राशिद खान के रूप में हुई है। फिलहाल इनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मध्य जिला के पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के मुताबिक, पुलिस की ओर से संयुक्त आपरेशन नौ अगस्त को सूचना के आधार पर चलाया गया। खबर मिली थी कि कबूतर मार्केट में पालतू जानवरों की दुकानों पर संरक्षित पक्षियों और जानवरों की अवैध खरीद-बिक्री और उन्हें अनुचित तरीके से बंदी बनाकर रखा जा रहा है।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित एजेंसियों के साथ मिलकर कुल पांच दुकानों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान, यह पाया गया कि पक्षियों और जानवरों को छोटी, भीड़भाड़ वाली और अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में पिंजरों में बंद रखा गया था। इनमें से 431 पक्षी ऐसे थे जो वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम, 1972 के तहत संरक्षित, प्रतिबंधित या अनुसूची में शामिल थे।
इसके अलावा, 432 अन्य पक्षी और जानवर भी क्रूर, भीड़भाड़ वाली और अस्वच्छ परिस्थितियों में पाए गए।
पुलिस अब इन पक्षियों और जानवरों के स्रोत का पता लगाने का प्रयास कर रही है। इस बात का पता लगाया जा रहा है कि इन पक्षी और जानवर इनको कौन उपलब्ध करवाता था। आरोपितों से पूछताछ के बाद पुलिस ने कुछ लोगों की पहचान भी की है। उसके आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
बरामद किए गए संरक्षित/प्रतिबंधित/शेड्यूल में शामिल पक्षी
- प्लम-हेडेड पैराकीट – 72
- रिंगनेक पैराकीट – 183
- अलेक्जेंड्रिन पैराकीट – 63
- मुनिया पक्षी – 113
बचाए गए अन्य पक्षी व पशु
- बजरिगर/बजी पक्षी – 148
- कोकाटेल पक्षी – 57
- लव बर्ड्स – 96
- गिनी पिग – 18
- स्लेटी गिलहरी – 09
- सफेद चूहे – 41
- खरगोश – 11
- गैर-संरक्षित पैराकीट और अन्य पालतू पक्षी – 52

