आईजीआई एयरपोर्ट पर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान: सड़कें अतिक्रमण मुक्त, यात्रियों को मिलेगी राहत
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने आईजीआई हवाई अड्डे के पास सड़कों को अतिक्रमण मुक्त करने के लिए एक विशेष अभियान चलाया। ...और पढ़ें
-1773504609770_m.webp)
आईजीआई एयरपोर्ट पर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा अभियान। (फोटो- प्रतीकात्मक)
HighLights
ट्रैफिक पुलिस ने आईजीआई हवाई अड्डे के पास अभियान चलाया।
अवैध रेहड़ी-पटरी और गलत पार्किंग हटाई गई।
331 चालान, 63 वाहन उठाए गए, यातायात सुगम।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। घरेलू हवाई अड्डे की ओर जाने वाले यात्रियों और आम जनता के सफर को सुगम बनाने के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने इस सप्ताह एक विशेष साझा प्रवर्तन अभियान चलाया। मेहरम नगर गांव के लोगों और जीएमआर के सहयोग से चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़कों को जाम से मुक्त करना और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाना था।
संयुक्त आयुक्त ट्रैफिक पुलिस संजय कुमार त्यागी का कहना है कि यह अभियान विशेष रूप से हवाई अड्डे के आसपास की सड़कों पर अवैध रूप से खड़े रेहड़ी-पटरी वालों, अनधिकृत हाकर्स और बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों को हटाने पर केंद्रित था। गलत तरीके से पार्क किए गए वाहन न केवल नियमों का उल्लंघन कर रहे थे, बल्कि ट्रैफिक के मुक्त प्रवाह में भी बड़ी बाधा बन रहे थे।
इस अभियान की सबसे बड़ी विशेषता मेहरम नगर के ग्रामीणों और जीएमआर का सक्रिय सहयोग रहा। स्थानीय लोगों ने न केवल इस कार्रवाई में मदद की, बल्कि सड़कों के खाली होने और ट्रैफिक सुधरने पर पुलिस की सराहना भी की।
ग्राउंड पर इस पूरे आपरेशन का नेतृत्व ट्रैफिक इंस्पेक्टर देवेंद्र तोमर और उनके स्टाफ ने किया।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड के अधिकारियों और रक्सा सिक्योरिटी ने भी मैनपावर और अन्य संसाधनों के साथ महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मेहरम नगर के प्रधान सुरेंद्र कुमार ने अपनी टीम (मनोज कुमार, संजय शर्मा, अभिषेक लोहिया और रामपाल) के साथ मिलकर इस अभियान को सफल बनाने में अपना योगदान दिया।
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि हवाई अड्डे जैसे संवेदनशील और महत्वपूर्ण स्थानों पर सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना उनकी प्राथमिकता है। पुलिस ने प्रतिबद्धता जताई है कि आने वाले समय में और भी हितधारकों के साथ मिलकर ऐसे अभियान जारी रखे जाएंगे ताकि सड़क सुरक्षा और सार्वजनिक सुविधा को बेहतर बनाया जा सके। पुलिस का लक्ष्य यात्रियों को जाम मुक्त सफर देना है। भविष्य में भी इस तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
इस पूरे सप्ताह चले अभियान के दौरान कुल पांच बार सघन ड्राइव चलाई गई।
| विवरण | संख्या |
|---|---|
| कुल चालान | 331 |
| कोर्ट चालान | 89 |
| क्रेन द्वारा उठाए गए वाहन | 63 |
| हटाई गई रेहड़ियां | 09 |
यह भी पढ़ें- हाई कोर्ट में दायर की गई हेबियस कॉर्पस याचिका, स्पेशल सेल ने सामाजिक कार्यकर्ताओं को लिया हिरासत में
