गोगी गिरोह के बदमाशों पर हमले की साजिश नाकाम, टिल्लू ताजपुरिया गैंग के दो शूटर गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो शूटरों विशाल पंडित और दीपांशु को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। इनकी गिरफ्तारी स ...और पढ़ें
-1781445372375_m.webp)
दो शूटरों विशाल पंडित और दीपांशु को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।
HighLights
टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो शूटर गिरफ्तार किए गए।
गोगी गिरोह पर हमले की साजिश नाकाम हुई।
बाहरी दिल्ली में संभावित गैंगवार टल गया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने बाहरी दिल्ली में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई के तहत कुख्यात सुनील उर्फ टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के दो शूटर को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़े गए बदमाशों की पहचान विशाल पंडित और दीपांशु के रूप में हुई है, दोनों होलांबी खुर्द, दिल्ली के रहने वाले हैं।
सरगना टिल्लू की तिहाड़ जेल के अंदर लोहे के नुकीले चीजों से ताबड़तोड़ वार कर बेरहमी से हत्या कर देने का बदला लेने के लिए गिराेह के बदमाश गोगी गिरोह के बदमाशों की हत्या करने की साजिश रच रहे थे। क्राइम ब्रांच द्वारा समय रहते टिल्लू के दो शूटरों को गिरफ्तार कर लेने पर बाहरी दिल्ली में गैंगवार की साजिश नाकाम हो गई।
विशेष आयुक्त, क्राइम ब्रांच, हर गोविंद सिंह धालीवाल के मुताबिक पुलिस ने इनके पास से दो अत्याधुनिक सेमी-आटोमैटिक पिस्टल, छह कारतूस और वारदात में इस्तेमाल एक कार बरामद कर ली है।
टिल्लू ताजपुरिया की हत्या का बदला लेने की फिराक में
पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे तिहाड़ जेल के अंदर हुई टिल्लू ताजपुरिया की हत्या का बदला लेने की फिराक में थे। वे अपने विरोधी गोगी गिरोह के बदमाशों के ठिकाने की रेकी कर रहे थे और उनके ठिकानों की जानकारी जुटा रहे थे। दोनों अपने गिरोह के एक हैंडलर (मकोका मामले में पैरोल जंप कर फरार चल रहा है) के सीधे संपर्क में थे।
उसी के इशारे पर इन्हें प्वाइंट 32 बोर की दो पिस्टल और कारतूस मुहैया कराए गए थे, जिसकी टेस्टिंग इन्होंने गांव के खेतों में हवाई फायरिंग करके की थी।
विशाल पंडित कई साल पहले टिल्लू ताजपुरिया गिरोह से जुड़ा
डीसीपी हर्ष इंदौरा के नेतृत्व में एसीपी गिरीश कौशिक व इंस्पेक्टर नीरज कुमार की टीम को सूचना मिली कि टिल्लू गिरोह दो शूटर होलांबी खुर्द इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने के इरादे से घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने वहां से दोनों को दबोच लिया। विशाल पंडित कई साल पहले टिल्लू ताजपुरिया गिरोह से जुड़ गया था।
खबरें और भी
इसका बड़ा भाई युद्धवीर उर्फ कालू पंडित भी कुख्यात अपराधी है वह फिलहाल जेल में बंद है। इसपर पहले से ही हत्या के प्रयास, पुलिस टीम पर फायरिंग और रंगदारी के छह गंभीर मामले दिल्ली और हरियाणा (मुरथल) में दर्ज हैं। 2022 में इसने मंडोली जेल के तत्कालीन जेल अधीक्षक के घर पर भी कई राउंड फायरिंग की थी।
हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज
दीपांशु, बी.कॉम ग्रेजुएट है। 2020 से वह अपराध की दुनिया में कूद पड़ा था। इसके पिता रिटायर्ड फिटर इंजीनियर हैं। दीपांशु नवंबर 2024 में जेल से छूटकर बाहर आया था। इस पर पहले से हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तीन मामले दर्ज हैं, जिनमें कई वारदातों को इसने विशाल पंडित के साथ मिलकर अंजाम दिया था।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, इस गिरफ्तारी से टिल्लू ताजपुरिया गिरोह के नेटवर्क को तगड़ा झटका लगा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन्हें हथियारों की सप्लाई कहां से हुई थी और इस साजिश में गिरोह के और कौन-कौन से सदस्य शामिल हैं।