दिल्ली में पौधे सूखने पर अब नोडल अधिकारी होंगे सीधे जिम्मेदार, एलजी संधू का कड़ा निर्देश
एलजी टीएस संधू ने दिल्ली में पौधारोपण अभियान के दौरान निर्देश दिए कि पौधे सूखने पर नोडल अधिकारी जिम्मेदार होंगे। डीडीए को नियमित अभियान चलाने और युवाओ ...और पढ़ें

एलजी टीएस संधू ने दिल्ली में पौधारोपण अभियान के दौरान निर्देश दिए कि पौधे सूखने पर नोडल अधिकारी जिम्मेदार होंगे। फाइल फोटो
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। वीआइपी पौधारोपण के बाद पौधों के सूख जाने की पुरानी परिपाटी पर एलजी टीएस संधू ने बड़ा प्रहार किया है। दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) के पौधारोपण अभियान के दौरान एलजी ने साफ शब्दों में निर्देश दिया कि हर पौधारोपण स्थल पर नोडल अधिकारी तैनात किया जाएगा।
यदि लगाए गए पौधे नष्ट होते हैं या सूखते हैं, तो उस अधिकारी की सीधी जवाबदेही तय होगी। संधू ने डीडीए को निर्देश दिया कि वृक्षारोपण अभियानों को नियमित रूप से चलाया जाए और युवाओं द्वारा संचालित पहलों पर जोर देते हुए इसे शहर के अन्य क्षेत्रों में भी लागू किया जाए।
संधू ने शुक्रवार को कॉलेज और स्कूल के छात्रों, आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों और सुबह की सैर करने वालों के साथ कमला नेहरू रिज पर पौधे लगाए और पारिस्थितिकी तंत्र को बहाल करने के लिए जन आंदोलन का आह्वान किया।
डीडीए ने शुक्रवार को ही दिल्ली भर में एक दिवसीय विशाल पौधारोपण अभियान का आयोजन किया, जिसमें 77 स्थानों पर एक लाख से अधिक देशी पेड़ और झाड़ियां लगाई गईं। अरावली जैव विविधता पार्क, आस्था कुंज पार्क, संजय वन, नरेला के हरित क्षेत्रों और पार्कों, पश्चिम पुरी, हौज खास, वसंत उद्यान और दिलशाद गार्डन डियर पार्क सहित अन्य स्थानों पर भी पौधारोपण अभियान आयोजित किए गए।
एलजी ने अरावली की खास प्रजाति ''ढाक'' (पलाश) का पौधा लगाया और कमला नेहरू रिज की एक विशेष पुस्तिका का विमोचन किया। वहीं डीडीए उपाध्यक्ष एन. सरवना कुमार ने ''ढोक'' का पौधा रोपा। रिज में अरावली की मूल प्रजातियों जैसे चमरोड, फालसा, दूधी, धोक और ढाक के 1,100 पौधे रोपे गए।
डीयू के वरिष्ठ वनस्पतिशास्त्री प्रो. सी. आर. बाबू, डा फैयाज खुदसर और डॉ एकता खुराना ने LG को कैनोपी ओपनिंग और पारिस्थितिक अनुक्रमण जैसी तकनीकों की जानकारी दी, जिससे रिज का मूल जंगल वापस लाया जा रहा है। एलजी ने सर्पेंटाइन झील और बटरफ्लाई कंजर्वेटरी का जायजा लेते हुए रिज को दिल्ली की 'पारिस्थितिक जीवनरेखा' करार दिया।
मालूम हो कि यह कार्यक्रम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह द्वारा सात जुलाई को शुरू किए गए 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत 70 लाख पौधारोपण मिशन का हिस्सा है। इस मिशन के अंतर्गत, दिल्ली में 23 लाख स्वदेशी पौधे लगाने का जिम्मा डीडीए को सौंपा गया है, जिसमें से वर्तमान पौरोपण सीजन में रिज क्षेत्र के लिए 1,81,700 पेड़ और झाड़ियां लगाने का लक्ष्य है।