विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली ने खेली 'सेफ' होली: इस साल 2301 घट गए चालान, ड्रंकन ड्राइव के मामले भी हुए कम

Updated: Thu, 05 Mar 2026 07:40 PM (IST)

दिल्ली पुलिस ने इस साल होली पर 1204 ड्रंकन ड्राइव चालान काटे और 60 वाहन जब्त किए। कुल 4929 ट्रैफिक उल्लंघन के चालान हुए, जो पिछले साल से कम हैं।

दिल्ली पुलिस होली के दिन रही मुस्तैद। जागरण

दिल्ली पुलिस होली के दिन रही मुस्तैद। जागरण

HighLights

  1. होली पर सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हुई।

  2. 2019 के बाद सबसे कम सड़क दुर्घटना मौतें दर्ज।

  3. दिल्ली पुलिस ने 1204 ड्रंकन ड्राइव चालान काटे।

जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस की लाख सख्ती के बावजूद होली के मौके पर लोग हुड़दंग करने से बाज नहीं आते हैं। हालांकि इस साल लोगों में थोड़ी जागरूकता आई है।

यही वजह है कि होली पर इस साल सड़क हादसों में केवल चार लोगों की जान गई और 18 लोग घायल हो गए। यह आंकड़ा भारी कमी को दर्शाता है, जो 2019 के बाद से त्योहार के दिन हुई मौतों का सबसे कम आंकड़ा है। वहीं इस साल पूरी दिल्ली में ड्रंकन ड्राइव के 1204 चालान काटे गए।

पिछले साल के मुकाबले कितने कम हुए चालान

पिछले साल ड्रंकन ड्राइव में 1213 चालान काटे गए। ड्रंकन ड्राइव समेत हुड़दंग करने, खतरनाक ड्राइविंग, लाल बत्ती जम्प करने, ओवर स्पीड, ट्रिपल राइडिंग, बिना हेलमेट व अन्य सभी तरह के ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के मामले में इस साल 4929 वाहनों के चालान काटे गए जबकि पिछले साल ड्रंकन ड्राइव समेत ट्रैफिक नियमों के सभी तरह के उल्लंघन के मामले मेें 7230 चालान काटे गए।

होली के दिन कितने हुए हादसे

दिल्ली पुलिस द्वारा जारी डाटा के मुताबिक चार मार्च को राजधानी में कुछ 22 सड़क हादसे हुए, जिनमें चार जानलेवा क्रैश और 18 छोटे हादसे हुए।

इन हादसों में चार लोगों की जान चली गई और 18 लोग घायल हो गए। मौतों का यह आंकड़ा पिछले कई सालों में सबसे कम है। 2019 में होली पर सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हुई थी, 2020 में नौ मौतें और 2021 में यह संख्या घटकर पांच हो गई थी। इसके बाद 2022 और 2023 में बढ़कर 10-10 हो गई। 2024 में तो मौतों की संख्या बढ़कर 14 हो गई, पिछले साल छह और इस साल चार हो गई।

इस साल कुल हादसों की संख्या 22 रही, जो 2024 में होली के दौरान दर्ज 27 हादसों से कम है। त्योहार के दौरान हादसों को रोकने के लिए पूरे दिल्ली में खास एनफोर्समेंट ड्राइव, कर्मचारियों की तैनाती बढ़ाई गई और शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के खिलाफ चेकिंग की गई।

पुलिस सभी मुख्य चौराहों पर तैनात

ट्रैफिक मूवमेंट पर नजर रखने और यह पक्का करने के लिए कि गाड़ी चलाने वाले सुरक्षा नियमों का पालन करें, सभी 15 जिले में बड़ी संख्या टीमों को मुख्य चौराहों, सड़कों और होली पर बड़ी भीड़ वाली जगहों पर तैनात किया गया था।

विशेष आयुक्त, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस नीरज ठाकुर का कहना है कि जिस वाहन में चालक अकेले पाए गए और वे नशे में धुत पाए गए, दस्तावेज की भी कमी पाई गई ऐसे 60 से अधिक वाहनों को जब्त कर लिया गया।

बीते वर्षों में होली के मौके पर हुई मौतों के आंकड़े

वर्ष (Year) मृतकों की संख्या (Deaths)
2019 07
2020 09
2021 05
2022 10
2023 10
2024 14
2025 06

इस साल चार मार्च को होली के दिन की गई कार्रवाई के रेंज वाइज आंकड़े:-

रेंज (Range) ड्रंकन ड्राइविंग (Drunken Drive) अन्य चालान (Others) कुल चालान (Total)
नई दिल्ली रेंज 69 536 605
मध्य रेंज 257 627 884
सदर्न रेंज 117 740 857
पूर्वी रेंज 208 646 854
नादर्न रेंज 256 506 760
वेस्टर्न रेंज 297 672 969


कुल ----1204---3725---4929