विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली में स्वाइन फ्लू का प्रकोप: H1N1 मामले बढ़ते ही याद आई दवा-वैक्सीन, सवालों से बचते दिखे मंत्री-अधिकारी

Published: Sat, 22 Aug 2026 11:21 AM (IST)

दिल्ली में H1N1 (स्वाइन फ्लू) के मामले बढ़ने के बाद स्वास्थ्य विभाग को दवा-वैक्सीन खरीद की सुध आई, जबकि पिछले साल भी प्रकोप था।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड

HighLights

  1. दिल्ली में H1N1 (स्वाइन फ्लू) के मामले तेजी से बढ़े।

  2. स्वास्थ्य विभाग ने दवा-वैक्सीन खरीद का टेंडर देर से निकाला।

  3. खरीद प्रक्रिया और आपूर्ति पर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं।

अनूप कुमार सिंह, नई दिल्ली। देश की राजधानी में एच1एन1 (स्वाइन फ्लू) के मामले बढ़े तो दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग को दवा-वैक्सीन खरीद की सुध आई, जबकि पिछले वर्ष भी इस दौरान एच1एन1 का प्रकोप था।

इस वर्ष संक्रमण बढ़ने के बीच स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) ने दवा और वैक्सीन की खरीद के लिए 10 जून को टेंडर निकाला।

डीजीएचएस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध टेंडर नंबर 1526 में एच1एन1 मेडिसिन एंड वैक्सीन की खरीद के लिए निविदा मांगी गई, दर्शा रहा है। पर, खरीद हुई या नहीं इसकी कोई जानकारी न तो विभाग दे रहा है और न ही वेबसाइट।

स्वास्थ्य मंत्री ने बिना प्रश्न सुने काटा फोन

इस मामले में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह से जानकारी के लिए फोन किया गया तो उन्होंने प्रश्न सुनने के बाद बिना उत्तर दिए फोन काट दिया, उन्हें वाट्सअप संदेश भेजा गया जिसका उन्होंने कोई उत्तर नहीं दिया।

विभाग से मिली जानकारी के अनुसार 10 जून को जारी टेंडर में 30 मिलीग्राम ओसेल्टामिविर की 10 हजार स्ट्रिप, 45 मिलीग्राम की 10 हजार स्ट्रिप और ओसेल्टामिविर ड्राई सिरप के 10 हजार पैक मांगे गए हैं।

इसके अलावा 0.5 मिलीलीटर की 80 हजार और 0.25 मिलीलीटर की 20 हजार वैक्सीन डोज, यानी कुल एक लाख डोज खरीदने का प्रावधान किया गया है।

टेंडर के मूल दस्तावेज में इसे दिल्ली सरकार के स्वास्थ्य सेवा निदेशालय की केंद्रीय खरीद एजेंसी के तहत एच1एन1 की दवाओं और वैक्सीन की खरीद के लिए जारी किया गया है।

खरीद पूरी हुई या नहीं, नहीं बताया

10 जून को टेंडर जारी होने के बाद खरीद प्रक्रिया कब पूरी हुई, किस कंपनी को आपूर्ति का आदेश दिया गया और दवा-वैक्सीन अस्पतालों तक कब पहुंची, इसकी जानकारी डीजीएचएस की ओर से नहीं दी गई है।

विभाग की वेबसाइट पर भी खरीद पूरी होने या दवा-वैक्सीन की आपूर्ति से संबंधित कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं है। ऐसे में बढ़ते मामलों के बीच बड़ा सवाल है कि टेंडर जारी होने के बाद अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता कब सुनिश्चित हुई और क्या यह खरीद प्रक्रिया पूरी भी हुई है।

मौजूदा टेंडर सूची में एच1एन1 दवा-वैक्सीन का टेंडर दर्ज है, लेकिन खरीद पूरी होने की अलग सूचना उपलब्ध नहीं है। इसे लेकर जानकारी के लिए दिल्ली के स्वास्थ्य महानिदेशक लिंक अफसर प्रथम डॉ. विनोद कुमार को फोन किया गया तो उनका फोन नहीं उठा। उन्हें वाट्सअप संदेश भेजा गया पर, उसका भी उत्तर नहीं मिला।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-मुंबई और बेंगलुरु समेत देशभर में बढ़ रहे एच1एन1 संक्रमण के मामले, स्वास्थ्य मंत्री ने की समीक्षा

यह भी पढ़ें- दिल्ली में H1N1 का बढ़ा प्रकोप, एक दिन में मिले 114 नए मरीज; 2026 में आंकड़ा 1777 तक पहुंचा