Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    दिल्ली में हटेंगे फुटपाथ पर बने EV चार्जिंग स्टेशन, सरकार की नई नीति से सुधरेगा इंफ्रास्ट्रक्चर

    Updated: Sat, 08 Aug 2026 05:24 PM (IST)

    दिल्ली में फुटपाथ पर बने ईवी चार्जिंग स्टेशन यातायात और दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, जिन्हें अब हटाया जाएगा। नई ईवी नीति 2026 के तहत, सरकार अगले चार ...और पढ़ें

    फुटपाथ पर बने चार्जिंग स्टेशन हटाए जाएंगे। फोटो - AI जनरेटेड

    फुटपाथ पर बने चार्जिंग स्टेशन हटाए जाएंगे। फोटो - AI जनरेटेड

    HighLights

    1. दिल्ली में फुटपाथ ईवी चार्जिंग स्टेशन यातायात समस्या का कारण।

    2. आप सरकार की नीति में बने, अब भाजपा सरकार हटाएगी।

    3. नई नीति 2026 में 32,000 चार्जिंग पॉइंट का लक्ष्य।

    राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। दिल्ली में फुटपाथ पर बने चार्जिंग स्टेशन यातायात के लिए बड़ी समस्या साबित हो रहे हैं। आप सरकार के कार्यकाल में आई ईवी नीति के प्रविधानों के तहत ये चार्जिंग स्टेशन बनाए गए थे।

    इससे यातायात जाम होने के साथ ही सड़क दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। फुटपाथ पर कब्जा कर बने इन चार्जिंग स्टेशनों को भाजपा सरकार भी गलत मानती है, परंतु अभी तक हटा नहीं सकी है।

    दैनिक जागरण में इस समस्या को उठाये जाने के बाद सरकार अब इसे हटाने की बात कर रही है। अगस्त, 2020 में आप सरकार ने नई ईवी नीति घोषित की थी। उस समय सरकार ने दिल्ली को ईवी राजधानी के रूप में विकसित करने का दावा किया था, परंतु चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर को सुदृढ़ करने के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया।

    फुटपाथ पर स्टेशन स्थापित कर दिए गए

    इसके लिए न तो उचित स्थान चयन की कोई प्रक्रिया अपनाई गई और न ही भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखा गया। सितंबर, 2022 में तत्कालीन सरकार ने पीडब्ल्यूडी की 20 सड़कों के किनारे 100 चार्जिंग प्वाइंट बनाने की अनुमति दी, जिससे कई सड़कों के फुटपाथ पर स्टेशन स्थापित कर दिए गए। उन स्थानों पर वाहन चालकों और पैदल चलने वाली परेशानी बढ़ गई है।

    ई-वाहनों को बढ़ावा देने के लिए भाजपा सरकार ने बीती एक जुलाई को नई ''ईवी नीति 2026'' अधिसूचित की। जिसमें अगले चार वर्षों में ईवी चार्जिंग प्वाइंट की संख्या 10,000 से बढ़ाकर 32,000 करने का लक्ष्य रखा गया है।

    साक्षात्कार में किया था स्पष्ट 

    मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बीते दिनों एक साक्षात्कार में स्पष्ट किया था कि अब फुटपाथ पर चार्जिंग प्वाइंट नहीं बनाए जाएंगे। राजस्व विभाग सहित अन्य संबंधित विभाग सर्वे करके भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। चार्जिंग स्टेशन बनाने के लिए भूमि की कमी नहीं होगी।

    नई नीति के अनुसार, दिल्ली के प्रत्येक जिले में जिलाधिकारी को राजस्व विभाग के साथ मिलकर भूमि की पहचान करने का अधिकार दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि अगले चार वर्षों में चरणबद्ध तरीके से चार्जिंग स्टेशनों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

    खबरें और भी

    इसके लिए मेट्रो व नगर निगम की पार्किंग, माल और बाजारों की निर्धारित पार्किंग, पेट्रोल पंपों, बस डिपो तथा खाली पड़ी सरकारी जमीनों का उपयोग किया जाएगा। अनधिकृत कालोनियों और सार्वजनिक स्थानों पर भी यातायात या पैदल यात्रियों को बाधित किए बिना चार्जिंग विकल्प उपलब्ध कराने का प्रयास है।

    पीडब्ल्यूडी मंत्री प्रवेश वर्मा का कहना है कि सड़कों के फुटपाथ पर बने चार्जिंग स्टेशन को लेकर अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जाएगी। उसके अनुसार कार्रवाई होगी। परिवहन मंत्री डा. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि गलत स्थान पर लगे चार्जिंग स्टेशन हटाने के साथ ही यह सुनिश्चित किया जाएगा कि भविष्य में फुटपाथ पर यह न लगे।

    संबंधित विभागों के एनओसी के बाद मिलता है बिजली कनेक्शन

    कोई भी उपभोक्ता निजी या व्यावसायिक उपयोग के लिए चार्जिंग प्वाइंट स्थापित कर सकता है। बिजली वितरण कंपनियां (डिस्काम) ईवी नीति के अनुसार निर्धारित मानदंडों को पूरा करने और संबंधित विभागों के अनापत्ति प्रमाणपत्र उपलब्ध कराने पर उन्हें बिजली कनेक्शन प्रदान करती हैं।

    बिजली की दरें निर्धारित की गई

    दिल्ली विद्युत विनियामक आयोग द्वारा ईवी चार्जिंग प्वाइंट के लिए बिजली की दरें निर्धारित की गई हैं। हाई-टेंशन लाइन से कनेक्शन वाले स्टेशनों को चार रुपये प्रति यूनिट और लो-टेंशन लाइन वाले कनेक्शनों को 4.50 रुपये प्रति यूनिट की दर से बिजली आपूर्ति की जाती है। डिस्कॉम के साथ ही 12 निजी वेंडर्स दिल्ली में ईवी चार्जिंग स्टेशन लगाने व संचालन का काम कर रहे हैं।

    यह भी पढ़ें- दिल्ली सरकार खत्म करेगी 19 साल पुराना बेड एंड ब्रेकफास्ट कानून, विधानसभा में रिपील बिल पेश

    पीडब्ल्यूडी, एमसीडी व अन्य एजेंसियां आमतौर इन्हें 10 वर्षों के लिए समझौते के आधार पर भूमि उपलब्ध कराती हैं। एक रुपये प्रति यूनिट के रेवेन्यू शेयरिंग या किराये के आधार पर उन्हें चार्जिंग स्टेशन लगाने के लिए स्थान दिया जाता है। बीएसईएस के बिजली वितरण क्षेत्र में 6500 से अधिक और टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लिमिटेड के क्षेत्र में 3700 से अधिक चार्जिंग प्वाइंट हैं।