दिल्ली में 72,000 गाड़ियों के लिए 232 नई पार्किंग, DDA के प्लान में टॉप पर द्वारका; डिजिटल होगा सिस्टम
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) राजधानी में 72,000 वाहनों के लिए 232 नए पार्किंग स्थल विकसित करेगा, जिनकी पहली बार ई-नीलामी की जाएगी। यह पहल दिल्ली में ...और पढ़ें

दिल्ली में बनेगी 232 नई पार्किंग। फोटो: आर्काइव
HighLights
डीडीए 72,000 वाहनों के लिए 232 पार्किंग स्थल बनाएगा
पहली बार इन पार्किंग स्थलों की ई-नीलामी की जाएगी
द्वारका में सर्वाधिक 98 पार्किंग स्थल विकसित होंगे
संजीव गुप्ता, नई दिल्ली। देश की राजधानी में लगातार बढ़ती ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने और पार्किंग प्रबंधन को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) 72 हजार वाहनों के लिए पार्किंग विकसित करेगा।
यह पार्किंग स्थल पूरी दिल्ली में अलग-अलग क्षेत्रों में बनाए जाएंगे। इनमें सबसे अधिक 98 पार्किंग स्थल द्वारका में तैयार किए जाएंगे।
गौरतलब है कि इसी साल मई में एलजी तरनजीत सिंह संधू ने डीडीए को निर्देश दिए थे कि वे पूरी दिल्ली में तकरीबन एक लाख वाहनों की क्षमता वाली सरफेस पार्किंग विकसित करे।
इसी कड़ी में 232 पार्किंग स्थल चिह्नित कर पहली बार डीडीए उनकी ई-नीलामी करने जा रहा है। बृहस्पतिवार से डीडीए ने इन पार्किंग स्थलों के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
डीडीए ने लक्ष्य रखा है कि अगले कुछ माह तक कम से कम 50 पार्किंग स्थलों को चालू कर दिया जाएगा, जबकि शेष 182 स्थलों को नवंबर- दिसंबर 2026 तक चालू करने की समय सीमा तय की गई है।
डिजिटल माध्यम से कटेगी पर्ची
अधिकारियों का कहना है कि सरफेस पार्किंग स्थल बहुत ही कम समय में तैयार किए जा सकते हैं, जिससे अत्यधिक मांग वाले और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को तुरंत राहत मिलेगी।
चयनित एजेंसियों को पार्किंग क्षेत्र समतल करने और वहां आधुनिक टाइल्स लगाने का काम करना होगा ताकि धूल न उड़े और वायु प्रदूषण पर लगाम लगाई जा सके।
इसके साथ ही सुचारू आवाजाही के लिए उचित प्रवेश और निकास द्वार बनाए जाएंगे और जनता की सुविधा के लिए डिजिटल व पारदर्शी शुल्क संग्रह प्रणाली लागू की जाएगी।
डीडीए के मुताबिक, इस परियोजना से राजधानी में लगभग 72,000 वाहनों को पार्क करने की अतिरिक्त और व्यवस्थित क्षमता पैदा होगी। इस परियोजना की विस्तृत समय सीमा दिल्ली सरकार और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) के साथ भी साझा की जा चुकी है। ये सभी पार्किंग सुविधाएं मुख्यतया उन खाली भूखंडों पर विकसित की जाएंगी जो वर्तमान में अप्रयुक्त हैं।
जोन के अनुसार प्रस्तावित सरफेस पार्किंग का विवरण
| क्र.सं. | क्षेत्र | पार्किंग स्थल |
|---|---|---|
| 1 | द्वारका | 98 |
| 2 | उत्तरी क्षेत्र | 53 |
| 3 | रोहिणी | 30 |
| 4 | पूर्वी क्षेत्र | 28 |
| 5 | दक्षिणी क्षेत्र | 23 |
| कुल योग | 232 |
पांच नई मल्टी-लेवल कार पार्किंग पर भी काम शुरू
पार्किंग की समस्या के दीर्घकालिक समाधान के लिए डीडीए ने शहर के पांच महत्वपूर्ण स्थानों पर मल्टी-लेवल कार पार्किंग बनाने का काम भी तेज कर दिया है। इन पांच परियोजनाओं की कुल क्षमता 1,261 वाहनों की होगी।
यह कुल 11,048.87 वर्ग मीटर क्षेत्र में फैली होंगी और टेंडर आवंटन की तारीख से तीन साल के भीतर इन्हें पूरा करने का लक्ष्य है। ये पार्किंग कड़कड़डूमा, ओखला औद्योगिक क्षेत्र, दिलशाद गार्डन, द्वारका और सैनी एंक्लेव में बनाई जाएगी।