1500 का सूटकेस खरीदा, फिर बिहार से दिल्ली बुलाकर चचेरी बहन को मार डाला; कातिल भाई ने उगला सच
उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में झूठी शान के लिए चचेरी बहन की हत्या के आरोप में अविनाश को गिरफ्तार किया ...और पढ़ें

चचेरी बहन की हत्या करने वाला भाई पुलिस की गिरफ्त में। फोटो: आर्काइव
HighLights
चचेरी बहन की झूठी शान के लिए हत्या
शव ठिकाने लगाने को खरीदा 1500 का सूटकेस
प्रेमी से रिश्ता खत्म न करने पर की हत्या
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के बुराड़ी में झूठी शान की खातिर चचेरी बहन की हत्या के मामले में गिरफ्तार अविनाश ने वारदात को लेकर पुलिस पूछताछ में कई अहम राज खोले हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपित ने हत्या की योजना पहले ही बना ली थी और शव को ठिकाने लगाने के लिए बाकायदा 1,500 रुपये का सूटकेस खरीदा था।
पुलिस के मुताबिक, प्रेमी से रिश्ता खत्म करने के लिए मृतिका को बिहार से दिल्ली बुलाया गया था, लेकिन यहां आने के बाद भी वह उससे बातचीत करती रही। यही बात अविनाश को नागवार गुजरी और उसने उसकी हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अविनाश ने रविवार सुबह सूटकेस खरीदा था। उसने इसे अपने दोस्त की बुराड़ी स्थित दुकान में रख दिया। इसके बाद वह बहाना बनाकर मृतिका को अपने साथ दुकान पर ले गया।
वहां उसने पहले अपने दोस्त को किसी बहाने से घर भेज दिया। दोस्त के जाने के बाद आरोपित ने दुकान के अंदर ही गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद शव को सूटकेस में रखा और अजीत विहार इलाके में ले जाकर झाड़ियों में फेंक दिया। इसके बाद वह मौके से फरार हो गया।
दो बार प्रेमी के साथ जा चुकी थी घर से
मृतिका मूलरूप से बिहार के मुजफ्फरपुर की रहने वाली थी। वहां उसका एक युवक से प्रेम संबंध था। वह युवक के साथ दो बार घर से जा चुकी थी। स्वजन इस रिश्ते से नाराज थे और उसका पीछा छुड़ाने के लिए उसे दिल्ली भेजने का फैसला किया गया था।
आरोपित अविनाश को उसे समझाने और प्रेमी से दूरी बनाने के लिए कहा गया था। रोशनी 13 अगस्त को बिहार से दिल्ली आई थी। पुलिस के मुताबिक, दिल्ली आने के बाद भी उसने प्रेमी से संपर्क बनाए रखा और उसे दिल्ली बुलाने की बात कर रही थी। इससे अविनाश नाराज था।
दोस्त से भी पुलिस कर रही पूछताछ
वारदात में इस्तेमाल दुकान के मालिक दोस्त की भूमिका को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। जांच में सामने आया है कि अविनाश जब चचेरी बहन को लेकर दुकान पर पहुंचा, उस समय उसका दोस्त वहां मौजूद था।
आरोपित ने उसे घर भेजने के बाद दुकान में बहन की हत्या की। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोस्त को वारदात की कोई जानकारी थी या नहीं और क्या हत्या की साजिश में उसकी कोई भूमिका थी। पुलिस आरोपित से पूछताछ के साथ घटनास्थल और अन्य साक्ष्यों की भी जांच कर रही है।
