नोएडा-गाजियाबाद वाले ध्यान दें! 11 से 13 सितंबर के बीच दिल्ली की 35 प्रमुख सड़कों पर 6 घंटे रहेगा डायवर्जन
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण नई दिल्ली जिले में तीन दिनों तक कई प्रमुख सड़कों पर यातायात डायवर्जन रहेगा। यातायात ...और पढ़ें

तीन दिनों तक कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा।
HighLights
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के कारण तीन दिन रहेगा यातायात डायवर्जन।
भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास विशेष प्रतिबंध लागू।
यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग और मेट्रो का उपयोग करने की सलाह।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को लेकर नई दिल्ली जिले में तीन दिनों तक कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए यातायात पुलिस द्वारा वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है, ताकि आम लोगों को कम से कम परेशानी हो और विदेशी मेहमानों के आवागमन में कोई बाधा न आए।
22 स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा
- 11 सितंबर को दोपहर दो बजे से रात 8.30 बजे तक भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास विशेष ट्रैफिक प्रतिबंध और डायवर्जन लागू रहेंगे।
- इस दौरान 35 से अधिक सड़कों पर ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा, जबकि 22 प्रमुख स्थानों पर वाहनों को वैकल्पिक रूट की ओर भेजा जाएगा।
ये मार्ग रहेंगे प्रभावित
सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, टीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रह्मण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोतीलाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोका रोड, बाराखंभा रोड, टालस्टाय मार्ग, रंजीत सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, केमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग।
इन 22 स्थानों पर रहेगा डायवर्जन
- डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक, रामचरण अग्रवाल चौक, मीर दर्द चौक, कस्तूरबा गांधी मार्ग-आउटर सर्किल, जनपथ-कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल राउंडअबाउट, वंदे मातरम मार्ग, धौला कुआं फ्लाईओवर, मोती बाग फ्लाईओवर और ब्रिगेडियर होशियार सिंह मार्ग समेत 22 स्थानों पर डायवर्जन रहेगा।
- लोधी रोड-अमृता शेरगिल मार्ग, लोधी रोड-मैक्स म्यूलर मार्ग, लोधी रोड-महर्षि रमण मार्ग, लोधी रोड-आर्कबिशप मैकारियस मार्ग, लोधी फ्लाईओवर के नीचे, नीला गुंबद, ओबेराय फ्लाईओवर के नीचे, डीपीएस मथुरा रोड यू-टर्न, रिंग रोड-भैरों रोड और मंडी हाउस पर भी ट्रैफिक नियंत्रित किया जाएगा।
- मथुरा रोड, तिलक मार्ग, महाराजा रंजीत सिंह मार्ग, शांति पथ, सरदार पटेल मार्ग, अमृता शेरगिल मार्ग, मैक्स म्यूलर मार्ग, महर्षि रमण मार्ग, आर्कबिशप मैकारियस मार्ग और भैरों मार्ग की ओर जाने वाले वाहनों को जरूरत के मुताबिक रोका जाएगा या वैकल्पिक रूट पर भेजा जाएगा।
- वाहन चालकों को रिंग रोड, बीएसजेड मार्ग, आईपी मार्ग, लोधी रोड, आउटर सर्किल और अशोका रोड समेत अन्य वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
एयरपोर्ट-रेलवे स्टेशन जाने वाले रखें अतिरिक्त समय
- ट्रैफिक पुलिस ने रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष एडवाइजरी जारी की है। नई दिल्ली रेलवे स्टेशन जाने के लिए आइएसबीटी कश्मीरी गेट-रानी झांसी मार्ग तथा पंचकुइयां रोड-आउटर सर्किल जैसे वैकल्पिक रूट सुझाए गए हैं।
- पुरानी दिल्ली और हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन जाने वालों को भी निर्धारित वैकल्पिक रूट का इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।
- एयरपोर्ट जाने वाले यात्रियों से अतिरिक्त ट्रैवल टाइम लेकर घर से निकलने और संभव हो तो मेट्रो सर्विस को प्राथमिकता देने की अपील की गई है।
- वीआइपी मूवमेंट के दौरान बसों के रूट में भी अस्थायी बदलाव किया जा सकता है। हालांकि मेट्रो सर्विस सभी स्टेशनों पर सामान्य रूप से उपलब्ध रहेगी।
सड़क किनारे पार्किंग पर रोक
- कार्यक्रम स्थल के 200 मीटर के दायरे में रोडसाइड पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।
- टैक्सी और आटो को भी केवल निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करने की अनुमति होगी। इसके अलावा दिल्ली से बाहर जाने वाले गैर-गंतव्य कमर्शियल वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
- ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें और सड़क पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें। किसी संदिग्ध वस्तु के दिखाई देने पर तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी को सूचना देने को कहा गया है।
