विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आजादपुर मंडी में धनिया कारोबारी की हत्या, हेलमेट पहने हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

Published: Tue, 08 Sep 2026 11:46 PM (IST)

आजादपुर मंडी में देर रात धनिया कारोबारी मोहम्मद आलम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हेलमेट पहने तीन हमलावरों ...और पढ़ें

आजादपुर मंडी में धनिया कारोबारी की हत्या, रंजिश में तीन हमलावरों ने बरसाईं गोलियां।

आजादपुर मंडी में धनिया कारोबारी की हत्या, रंजिश में तीन हमलावरों ने बरसाईं गोलियां।

HighLights

  1. आजादपुर मंडी में धनिया कारोबारी मोहम्मद आलम की हत्या।

  2. हेलमेट पहने तीन हमलावरों ने सात गोलियां मारीं।

  3. पुलिस ने कारोबारी रंजिश के एंगल से जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। आदर्शनगर थाना अंतर्गत आजादपुर मंडी में सोमवार देर रात हरे धनिया का कारोबार करने वाले 28 वर्षीय मोहम्मद आलम की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि वारदात को अंजाम देने के लिए हेलमेट पहने तीन हमलावर पहुंचे थे।

हमलावरों ने आलम पर ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें उन्हें सात गोलियां लगीं। वारदात के बाद हमलावर पैदल ही मौके से फरार हो गए। प्रारभिंक जांच में हत्या की वजह रंजिश बतायी गई है, हालांकि आदर्श नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के मुताबिक, सोमवार देर रात करीब पौने दो बजे न्यू सब्जी मंडी में दुकान संख्या ए-1500 के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। कुछ ही देर बाद गोली लगने से घायल आलम को उपचार के लिए बाबू जगजीवन राम अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल से सूचना मिलने पर आदर्श नगर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच कारवाई में मृतक की पहचान जहांगीरपुरी के एच-4 ब्लॉक में रहने वाले मोहम्मद आलम के रूप में हुई। वह मूल रूप से बिहार के सहरसा के रहने वाले थे और आजादपुर मंडी में हरे धनिया का कारोबार करते थे।

स्वजन के अनुसार, आलम कुछ समय पहले गांव गए थे और करीब चार महीने गांव में रहने के बाद हाल ही में दिल्ली लौटे थे। मृतक आलम के भाई अब्दुल सत्तार ने पुलिस को बताया कि घटना के समय आलम मंडी स्थित अपनी दुकान पर थे। इसी दौरान हेलमेट पहने तीन हमलावर वहां पहुंचे और उन पर अचानक ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।

स्वजन का आरोप है कि हमलावरों में एक महिला भी शामिल थी। फायरिंग के बाद तीनों हमलावर पैदल ही फरार हो गए। पुलिस ने बताया कि आलम के शरीर पर गोली लगने के सात घाव मिले हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्राइम और फोरेंसिक टीम को बुलाया। टीम ने मौके से कई खाली कारतूस और अन्य साक्ष्य जुटाए हैं।

कारोबार को लेकर था विवाद

प्रारंभिक जांच में स्वजन ने कारोबार को लेकर कुछ लोगों से आलम का विवाद होने की जानकारी पुलिस को दी है। बताया गया है कि आलम ने अपने भाई को भी इस विवाद के बारे में बताया था। पुलिस कारोबारी रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। मृतक के एक रिश्तेदार ने कुछ लोगों का नाम लेते हुए उन पर हत्या किए जाने का आरोप लगाया। मृतक शादीशुदा था और उसके तीन छोटे बच्चे है।

फुटेज से हो रही है हमलावर की तलाश

हमलावरों की पहचान के लिए मंडी और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस वारदात से पहले और बाद में घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही हत्या की सही वजह और हमलावरों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आलम के साथ मौजूद दो परिचित से भी पूछताछ कर रही है।

यह भी पढ़ें- दिल्ली-एनसीआर के जैंटलमैन पहनते हैं बुलंदशहर की टाई, गांगरौल गांव के हर घर में होती है इसकी सिलाई