'ये तो तानाशाही है...', सत्येन्द्र जैन की गिरफ्तारी पर बोले केजरीवाल
दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट टेंडर घोटाले में एसीबी ने पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल।
HighLights
एसीबी ने दिल्ली जल बोर्ड घोटाले में सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया।
केजरीवाल ने गिरफ्तारी को भाजपा की फर्जी कार्रवाई करार दिया।
आप नेताओं ने इसे राजनीतिक बदले की कार्रवाई बताया।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। दिल्ली जल बोर्ड के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट टेंडर घोटाले के मामले में एंटी करप्शन ब्रांच (एसीबी) ने मंगलवार को दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के नेता सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने इस मामले में पूर्व सीईओ उदित प्रकाश राय समेत कुल छह आरोपियों को हिरासत में लिया है। इस पर आम आदमी पार्टी के नेताओं ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
गिरफ्तारी के कुछ देर बाद आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी तीखी आलोचना की। उन्होंने लिखा कि सत्येंद्र जैन को एक बार फिर भाजपा ने गिरफ्तार करवा दिया है। केजरीवाल ने पिछले मामले को फर्जी बताते हुए कहा कि यह केस भी फर्जी साबित होगा और भाजपा की तानाशाही कब तक चलेगी।
सत्येन्द्र जैन जी को एक बार फिर बीजेपी ने गिरफ्तार करवा दिया है। अभी कुछ वक्त पहले इन लोगों ने जेल में डालकर उनकी जो दुर्दशा की थी, वह सबको याद है। पिछला केस भी फर्जी था और यह केस भी फर्जी साबित होगा।
— Arvind Kejriwal (@ArvindKejriwal) August 18, 2026
आखिर कब तक बीजेपी की ये तानाशाही चलती रहेगी? जिसे मन करता है, झूठे आरोप लगाकर… https://t.co/VpxyPLkdLW
केजरीवाल ने आगे कहा कि भाजपा के पाप का घड़ा भर चुका है और मोदी सरकार का अंत तय है। उन्होंने जोर देकर कहा कि पूरी आम आदमी पार्टी और देश की जनता सत्येंद्र जैन के साथ मजबूती से खड़ी है। पार्टी इस कार्रवाई को राजनीतिक बदले की कार्रवाई बता रही है।
पंजाब चुनाव से ठीक पहले किया गिरफ्तार: सिसोदिया
मनीष सिसोदिया ने कहा कि पंजाब चुनाव से ठीक पहले पंजाब के सहप्रभारी सत्येंद्र जैन को गिरफ्तार किया गया है। पहले भी उनको ढाई साल तक फर्जी मामले में जेल में रखा और अब फिर... एक और फर्जी मामला। उन्होंने कहा कि GenZ आंदोलन से लेकर राम मंदिर में चंदाचोरी और E20 तक के मुद्दों पर घिरी बीजेपी अब फिर से ED-ACB-CBI के पुराने चुनावी हथकंडे पर उतर आई है।
राजनीतिक बदले की कार्रवाई का एक उदाहरण: आतिशी
दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि सत्येन्द्र जैन जी की गिरफ्तारी बीजेपी की राजनीतिक बदले की कार्रवाई का एक और उदाहरण है। उन्हें पहले भी झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजा गया था और अब एक बार फिर वही कहानी दोहराई जा रही है।
आतिशी ने कहा कि सत्ता के अहंकार में बीजेपी शायद भूल गई है कि झूठ और अत्याचार की एक सीमा होती है। आज सरकारी ताकत का इस्तेमाल करके किसी को डराया जा सकता है, लेकिन सच को हमेशा के लिए दबाया नहीं जा सकता। यह लड़ाई सिर्फ सत्येन्द्र जैन जी की नहीं है। यह उस हर व्यक्ति की लड़ाई है जो सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ खड़ा है। आम आदमी पार्टी पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है।
