हवाई सफर होगा महंगा, एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज; कल से लागू होंगी नई दरें
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने विमान ईंधन की बढ़ती कीमतों के कारण घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल ...और पढ़ें

एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने किराया बढ़ाया।
HighLights
एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने फ्यूल सरचार्ज बढ़ाया।
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर नई दरें लागू होंगी।
बढ़ती ईंधन कीमतों के कारण परिचालन लागत में वृद्धि।
गौतम कुमार मिश्रा, नई दिल्ली। विमान ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए एअर इंडिया और एअर इंडिया एक्सप्रेस ने अपने घरेलू और चुनिंदा अंतरराष्ट्रीय रूटों पर फ्यूल सरचार्ज में संशोधन की घोषणा की है।
ग्लोबल एनर्जी मार्केट में दबाव और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण ईंधन की कीमतों में आई तेजी से एयरलाइंस की परिचालन लागत (आपरेटिंग कास्ट) काफी बढ़ गई है। कंपनी के अनुसार, यह संशोधित फ्यूल सरचार्ज एअर इंडिया एक्सप्रेस के लिए 9 अक्टूबर को रात 12 बजे से और एअर इंडिया के लिए नौ अक्टूबर को सुबह 11:00 बजे से की जाने वाली नई बुकिंग्स पर लागू होगा।
1,200 रुपये का सरचार्ज लागू
घरेलू उड़ानों की बात करें तो एक तरफा सफर के लिए 500 किमी तक की दूरी पर 400 रुपये , 501 से 1000 किमी पर 600 रुपये, 1001 से 1500 किमी पर 850 रुपये तथा 1500 किमी से अधिक की दूरी पर 1,200 रुपये का सरचार्ज लागू किया गया है।
वहीं, अंतरराष्ट्रीय रूटों पर उत्तर अमेरिका के लिए 215 डालर, ऑस्ट्रेलिया के लिए 210 डालर, यूरोप (ब्रिटेन सहित) के लिए 135 डालर और पश्चिम एशिया के लिए 55 डॉलर प्रति टिकट अतिरिक्त सरचार्ज देना होगा।
एयरलाइन समूह ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेटिंग कॉस्ट में आए इस अतिरिक्त बोझ को आंशिक रूप से कम करने के लिए यह बदलाव किया गया है, और आगे भी ईंधन की कीमतों की स्थिति की समीक्षा करके आवश्यकतानुसार बदलाव किए जाएंगे।
अकासा एयर ने भी बढ़ाया फ्यूल सरचार्ज
अकासा एयर ने भी 9 अक्टूबर से घरेलू उड़ानों पर फिर से फ्यूल सरचार्ज लागू कर रही है और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर इसे बढ़ा रही है। मध्य पूर्व में जारी भू-राजनीतिक तनाव के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
