आदर्श नगर में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी
आदर्श नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात न्यू सब्जी मंडी के पास 28 वर्षीय युवक आलम की गोली मारकर ...और पढ़ें

दिल्ली के आदर्श नगर में गोली मारकर हत्या। फोटो: सांकेतिक
HighLights
आदर्श नगर में 28 वर्षीय युवक आलम की गोली मारकर हत्या
न्यू सब्जी मंडी के पास वारदात, कई गोलियां लगीं
पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू किया
जागरण संवाददाता, बाहरी दिल्ली। आदर्श नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात न्यू सब्जी मंडी के पास 28 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
मृतक की पहचान जहांगीरपुरी के एच-4 ब्लॉक स्थित झुग्गी निवासी आलम के रूप में हुई है। उसे कई गोलियां लगी थीं। स्वजन उसे बाबू जगजीवन राम अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रात 1:45 बजे मिली गोली चलने की सूचना
पुलिस के अनुसार, रात करीब 1:45 बजे न्यू सब्जी मंडी में दुकान संख्या ए-1500 के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो जांच में सामने आया कि आलम को कई गोलियां मारी गई थीं।
घटनास्थल से खून के निशान और खाली कारतूस बरामद हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम को मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
CCTV से संदिग्धों की पहचान का प्रयास
पुलिस ने आसपास के इलाके में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के जरिए वारदात के समय मौके पर मौजूद संदिग्धों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव के मुताबिक, अभी हत्या की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि वारदात के समय आलम वहां किसके साथ था और उसका किसी से कोई विवाद चल रहा था या नहीं। मृतक के परिचितों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
हत्या की वजह तलाश रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपितों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।
