विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SRH vs RCB: बेंगलुरु के गेंदबाजों पर बरसी हैदराबाद की तिकड़ी, पहले क्‍वालिफायर में गुजरात से होगी आरसीबी की जंग

Published: Fri, 22 May 2026 11:33 PM (IST)

सनराइजर्स हैदराबाद ने शुक्रवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 55 रन से मात दी।

हैदराबाद ने जीता मुकाबला।

हैदराबाद ने जीता मुकाबला।

HighLights

  1. सनराइजर्स ने RCB को दिया 256 रन का लक्ष्य

  2. अभिषेक-ईशान और क्लासेन के अर्धशतक 

  3. हैदराबाद और बेंगलुरु के 18-18 प्‍वाइंट्स

स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। अभिषेक शर्मा (56) की विस्फोटक बल्लेबाजी, ईशान किशन (79) की निडर अंदाज वाली पारी और हेनरिक क्लासेन (51) की ताकतवर हिटिंग के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने शुक्रवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के विरुद्ध चार विकेट पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।

जवाब में आरसीबी की टीम 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी। हैदराबाद ने 55 रन से इस मैच को अपने नाम किया। हालांकि, हार के बाद भी आरसीबी प्‍वाइंट्स टेबल पर टॉप पर है। हैदराबाद और बेंगलुरु के 18-18 प्‍वाइंट्स हैं। पहले क्‍वालिफायर में आरसीबी का सामना गुजरात टाइटंस से होगा। 26 मई को यह मैच धर्मशाला में खेला जाएगा।

IPL में सबसे ज्यादा 250+ स्कोर

  • 6 - सनराइजर्स हैदराबाद
  • 3 - पंजाब किंग्‍स
  • 3 - रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
  • 2 - दिल्‍ली कैपिटल्‍स, कोलकाता
  • 1 - लखनऊ सुपर जायंट्स

IPL सीजन में सबसे ज्यादा बार 200+ रन

  • 9 - हैदराबाद (2026)*
  • 8 - गुजरात (2025)
  • 8 - पंजाब (2025)
  • 8 - पंजाब (2026)
  • 7 - आरसीबी (2026)

256 रन चेज करने उतरी आरसीबी की सलामी जोड़ी में बदलाव देखने को मिला। विराट कोहली के साथ इनफॉर्म वेंकटेश अय्यर मैदान पर आए। पिछले मैच में तूफानी अर्धशतक लगाने वाले अय्यर ने उसी फॉर्म को जारी रखा। उन्‍होंने पहले ही ओवर में पैट कमिंस पर प्रहार किया। चौथा ओवर करने आए शिवांग को तो वेंकटेश ने आड़े हाथों लिया और 3 छक्‍के जड़ दिए।

5वें ओवर में बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में वेंकटेश की पारी का अंत हुआ। उन्‍होंने 19 गेंदों पर 44 रन ठोके। अगले ही ओवर में बिहार के लाल शाकिब हुसैन विराट कोहली (15) का शिकार किया। इसके बाद ईशान मलिंगा ने देवदत्‍त पडिक्‍कल (21) को अभिषेक के हाथों कैच आउट कराया।

हैदराबाद ने चुनी बल्‍लेबाजी

टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी करने उतरी हैदराबाद को अभिषेक शर्मा ने तेज शुरुआत दी। उन्होंने सिर्फ 22 गेंदों में 56 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें कई दर्शनीय छक्के और चौके शामिल रहे। उन्होंने अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को भी नहीं बख्शा। अभिषेक ने भुवनेश्वर की गेंदों पर लगातार बड़े शॉट खेलकर यह साफ कर दिया कि सनराइजर्स किसी भी कीमत पर आक्रमण की नीति से पीछे हटने वाले नहीं हैं। उन्होंने महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो आरसीबी के विरुद्ध उनका पहला अर्धशतक भी रहा।

IPL के एक सीजन में सबसे ज्‍यादा सिक्‍स लगाने वाले भारतीय

  • 53 - वैभव सूर्यवंशी (2026)
  • 43 - अभिषेक शर्मा (2026)*
  • 42 - अभिषेक शर्मा (2024)
  • 39 - श्रेयस अय्यर (2025)
  • 38 - विराट कोहली (2016)
  • 38 - विराट कोहली (2024)
  • 38 - सूर्यकुमार यादव (2025)

ईशान ने ठोकी फिफ्टी

दूसरी ओर ईशान किशन ने संयम और आक्रामकता का शानदार मिश्रण पेश किया। किशन ने 44 गेंदों पर 79 रन की पारी खेली और मैदान के चारों ओर शॉ लगाए। आरसीबी के गेंदबाज लगातार उनकी पैड लाइन पर गेंदबाजी करते रहे, जिसका किशन ने पूरा फायदा उठाया। उन्होंने टाइमिंग और चतुराई के साथ गैप खोजे और रन गति को लगातार ऊंचा बनाए रखा। इस सीजन में किशन का यह प्रदर्शन उनके बढ़ते आत्मविश्वास का संकेत माना जा रहा है।

IPL में RCB के खिलाफ सबसे अधिक 50+ स्‍कोर

  • 7 बार - डेविड वार्नर (2014-16)
  • 4 बार - केन विलियमसन (2016-19)
  • 4* बार - ईशान किशन (2024-26)

RCB के खिलाफ पिछले 4 मुकाबलों में ईशान का स्कोर

  • 69
  • 94*
  • 80
  • 79

क्‍लासेन की क्‍लास पारी

हालांकि मैच का सबसे रोमांचक चरण तब आया जब क्लासेन बल्लेबाजी के लिए उतरे। क्लासेन ने 24 गेंदों में 51 रन बनाकर आरसीबी के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ा दीं। दुनिया के खतरनाक टी-20 बल्लेबाजों में शामिल क्लासेन ने जोश हेजलवुड जैसे विश्वस्तरीय गेंदबाज को भी नहीं छोड़ा। उन्होंने हेजलवुड के एक ओवर में 27 रन बटोर लिए, जिसने मैच का पूरा रुख तय कर दिया। क्लासेन की पारी में ताकत और टाइमिंग का अद्भुत मेल देखने को मिला।

255 रन बनाए

सनराइजर्स हैदराबाद के बल्लेबाजों ने पूरे मैच में चौकों और छक्कों की बारिश की। टीम ने कुल 20 चौके और 16 छक्के लगाए। रोमेरियो शेफर्ड की मध्यम गति की गेंदबाजी हो या सुयश शर्मा की स्पिन, किसी भी गेंदबाज को राहत नहीं मिली। अभिषेक, किशन और क्लासेन ने मिलकर आरसीबी की रणनीति को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। अंत में नीतीश कुमार रेड्डी ने भी 12 गेंदों पर अविजित 29 रन बनाकर टीम को 250 के पार पहुंचा दिया।

तिकड़ी का कमाल

सनराइजर्स की ओर से अभिषेक (563) के अलावा हेनरिक क्लासेन (606) और ईशान किशन (569) भी 500 से ज्यादा रन बना चुके हैं और आईपीएल इतिहास में यह दूसरा अवसर है, जब किसी टीम के तीन बल्लेबाजों ने 500 से ज्यादा रन बनाए हैं। इससे पहले 2025 में गुजरात टाइटंस के शुभमन गिल, साई सुदर्शन और जोस बटलर ने 500 से ज्याद रन बनाए थे।