WCL में बांग्लादेश ने किया बड़ा उलटफेर, युवराज सिंह की टीम इंडिया को दी पटखनी; 3 रनों से जीता रोमांचक मैच
वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में बांग्लादेश चैंपियंस ने बड़ा उलटफेर करते हुए युवराज सिंह की अगुवाई वाली इंडिया चैंपियंस को 3 रनों से हरा दिया।

बांग्लादेश ने भारत को दी हार
HighLights
बांग्लादेश ने इंडिया चैंपियंस को 3 रनों से हराया
इनामुक हक जूनियर बने मैन ऑफ द मैच
युवराज, रायडू, इरफान जैसे दिग्गज हुए फेल
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स में बांग्लादेश ने बड़ा उलटफेर किया है। इस टीम ने अंबाती रायडू, इरफान पठान, युवराज सिंह जैसे खिलाड़ियों से सजी इंडिया चैंपियंस को तीन रनों से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश चैंपियंस की टीम ने नौ विकेट खोकर 141 रन बनाए। इस स्कोर के सामने इंडिया लीजेंड्स की टीम आठ विकेट खोकर 138 रनों पर ही ढेर हो गई।
इस रोमांचक मुकाबले में भारत ने आखिरी तक लड़ाई लड़ी, लेकिन वह जीत से दूर रह गई। बांग्लादेश के लिए चार विकेट लेने वाले इनामुक हक जूनियर को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दिग्गज हुए फेल
142 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को शुरुआत अच्छी नहीं मिली। अंबाती रायडू को अबू जायेद ने तीन रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन भेजा। दूसरे सलामी बल्लेबाज इरफान पठान ने कुछ अच्छे हाथ दिखाए, लेकिन दूसरे छोर से उनको साथ नहीं मिला। स्टुअर्ट बिन्नी सात गेंदों पर 15 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने दो चौके और एक छक्का मारा। वहीं, कप्तान युवराज सिंह इस मैच में खाता तक नहीं खोल सके।
रोबिन उथप्पा ने छह गेंदों पर 15 रन बनाए। युसूफ पठान का बल्ला भी चार रनों पर ही थम गया। ऋषि धवन ने इरफान पठान का साथ दिया और 18 गेंदों पर 24 रन बनाए। अपनी पारी में उन्होंने दो चौके और एक छक्का मारा। पवन नेगी ने भी अंत में 14 गेंदों पर 26 रन बनाए। अभिमन्यू मिथुन खाता नहीं खोल पाए। पीयूष चावला 18 गेंदों पर 24 रन बनाकर नाबाद रहे। इरफान पठान के रूप में भारत ने अपना आखिरी विकेट खोया। वह 41 गेंदों पर एक चौके की मदद से 24 रन ही बना पाए।
बांग्लादेश की तरफ से इनामुक हक जूनियर के अलावा जायेद चौधरी ने दो, रुबले हुसैन, कमरुल इस्लाम ने एक-एक विकेट लिया।
ऐसी रही बांग्लादेश की पारी
पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश ने अपना पहला विकेट 30 रनों पर खोया। इमरुल कायेस 10 रन बनाकर आउट हुए। रोनी तालुकदार ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 40 रन बनाए। टीम का मिडिल ऑर्डर फेल रहा, लेकिन निचले क्रम ने बांग्लादेश को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचा दिया। निचले क्रम में अराफत सनी ने 37 और नासिर हुसैन ने 24 रनों की पारियां खेलीं।
भारत की तरफ से पीयूष ने तीन विकेट लिए। ऋषि धवन और पवन नेगी के हिस्से दो-दो सफलताएं आईं। मोहित शर्मा के हिस्से एक विकेट आया।
यह भी पढ़ें- एबी डिविलियर्स का नहीं कोई तोड़, 37 गेंदों पर शतक ठोक फिर जमाई धाक; ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के उड़ाए परखच्चे
