Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    DC vs RCB: 4 बैटर्स शून्य पर आउट, आंधी ने 5 मिनट के लिए डाला खलल; घर पर आरसीबी ने दिल्ली को झकझोरा

    Updated: Tue, 28 Apr 2026 10:09 AM (IST)

    दिल्ली कैपिटल्स को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के खिलाफ शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। ...और पढ़ें

    घर पर आरसीबी ने दिल्ली को झकझोरा

    घर पर आरसीबी ने दिल्ली को झकझोरा

    HighLights

    1. जोश हेजलवुड ने चार व भुवनेश्वर ने तीन विकेट चटकाए

    2. आरसीबी ने 76 रनों का लक्ष्य 6.3 ओवर में किया हासिल

    3. दिल्ली को घर में मिली लगातार तीसरी हार

    लोकेश शर्मा, जागरण नई दिल्ली। दो दिन पहले 265 रन बनाकर भी हार का दर्द झेल चुकी दिल्ली कैपिटल अभी उस सदमे से उबर भी नहीं पाई थी कि रायल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के गेंदबाजों ने उसके जख्म और गहरे कर दिए। अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली की बल्लेबाजी जिस तरह बिखरी, उसने इस सीजन की सबसे शर्मनाक तस्वीर पेश कर दी। दिल्ली 16.3 ओवर में केवल 76 रन ही बना सकी। जिसे आरसीबी ने एक विकेट खोकर प्राप्त किया। 

    भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड की अगुआई में आरसीबी के गेंदबाजों ने ऐसा तूफान खड़ा किया कि दिल्ली के बल्लेबाज टिकने का साहस ही नहीं जुटा सके। पहले ही ओवर में भुवनेश्वर ने डेब्यू कर रहे साहिल पारेख को बोल्ड कर खाता खोला, तो अगले ओवर में हेजलवुड ने केएल राहुल और समीर रिज़वी को चलता कर दिल्ली की रीढ़ तोड़ दी।

    इसके बाद जो हुआ, वह किसी भी टीम के लिए डरावने सपने जैसा था। विकेटों की झड़ी ऐसी लगी कि दिल्ली के बल्लेबाज आते गए और लौटते गए। पावरप्ले खत्म होने से पहले ही छह बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे और स्कोरबोर्ड पर सिर्फ 13 रन दर्ज थे जो आईपीएल इतिहास का सबसे कम पावरप्ले स्कोर बन गया। दिल्ली की बल्लेबाजी में न तो संयम दिखा, न संघर्ष। हर गेंद पर जल्दबाजी, गलत शाट चयन और बढ़ता दबाव। 

    इन तीनों ने मिलकर पूरी पारी को बर्बाद कर दिया। यह सिर्फ एक खराब शुरुआत नहीं थी, बल्कि आत्मविश्वास के पूरी तरह टूट जाने की कहानी थी।  लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की टीम ने महज 6.2 ओवर में ही जीत प्रप्ता की। आरसीबी ने नौ विकेट से जीत प्राप्त की।

    खबरें और भी

    आरसीबी ने 9 विकेट से जीता मैच

    आरसीबी की टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए तेज शुरुआत की। पावरप्ले में ही टीम ने 65 रन बना लिए थे। आरसीबी की बल्लेबाजी के दौरान ऐसा एक पल भी नहीं लगा यह वहीं पिच है जिस पर दिल्ली के बल्लेबाज रन बनाने के लिए तरस रहे थे। विराट कोहली और देवदत्त की तेज पारी के दम पर टीम ने 13.3 गेंद पहले ही मुकाबले खत्म कर दिया।

    भुवनेश्वर ने मजबूत की भारतीय टीम में वापसी की दावेदारी

    भुवनेश्वर कुमार ने तीन विकेट लेकर पर्पल कैप पर कब्जा जमाया। आठ मैचों में उनके 14 विकेट हो चुके हैं, जिससे भारतीय टीम में वापसी की उनकी दावेदारी और मजबूत हुई है। भुवनेश्वर ने पारी के दूसरी ही गेंद पर दिल्ली के आरंभिक बल्लेबाज को यार्कर गेंद पर क्लीन वह अविश्वसनीय गेंद थी। जिसे बल्लेबाज बिल्कुल भी समझ नहीं पाए अपना विकेट गवा बैठे।

    आंधी से कुछ देर रुका मुकाबला

    दिल्ली की पारी के नौवें ओवर के बाद धूल भरी आंधी के कारण लगभग पांच मिनट खेल रोकना पड़ा। दृश्यता कम होने से खिलाड़ियों और अंपायरों को परेशानी हुई।

    पोरेल ने बचाई दिल्ली की लाज

    इम्पैक्ट प्लेयर अभिषेक पोरेल ने 30 रन बनाकर टीम को और बड़े शर्मनाक रिकार्ड से बचाया। डेविड मिलर ने 19 रन का योगदान दिया। आरसीबी की ओर से भुवनेश्वर, हेजलवुड और रसिख सलाम ने कुल आठ विकेट झटके।

    घर में दिल्ली की लगातार तीसरी हार

    अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली की टीम ने मुंबई इंडियंस के विरुद्ध पहला मुकाबला जीतने के बाद उसे लगातार तीन हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली अपनी मजबूत बल्लेबाजी के लिए इस सीजन में जानी जा रही है। हालांकि टीम इसके विपरित प्रदर्शन कर रही है। गुजरात के विरुद्ध टीम को एक रन से हार के बाद गेंद से गेंदबाजों ने बड़ा स्कोर खड़ा करने के बाद आइपीएल की बड़ी हार झेलनी पड़ी। वहीं तीसरी बार आरसीबी ने दिल्ली को अपने ही घर में हार का मुंह देखना पड़ा।

    नटराजन ने लपका आईपीएल का सबसे बेहतरीन कैच

    लक्ष्य का पीछा करने उतरे आरसीबी के आरंभिक बल्लेबाज जेकब बेथल का कैच जिस प्रकार से टी नटराजन ने पकड़ा उसने मैदान में आए दर्शकों को आकर्षित किया। पारी के तीसरे ओवर में बेथल गेंदबाज काइल जेमिसन की गेंद पर दो लगातार छक्के जड़ चुके थे। वहीं इस ओवर को बड़ा बनाने के लिए ओवर की चौथी गेंद पर बेथल ने डाउन द ग्राउंड सामने की तरफ शाट खेला जो बाउंड्री में जाने से टीम पहले ही गेंद की उल्टी दिशा में दौड़ते हुए नटराजन ने आईपीएल 2026 का सबसे शानदार कैच लपका ।

    यह भी पढ़ें- DC vs RCB: 'मैं खुद हैरान हूं…', दिल्ली की धुनाई के बाद RCB के कप्तान Rajat Patidar ने खोला जीत का राज

    यह भी पढ़ें- IPL 2026 Points Table: जीत के बावजूद बेंगलुरु को नहीं मिला नंबर-1 का ताज, दिल्ली की हार से अंक तालिका में मची उथल-पुथल