मुंबई इंडियंस ने किया कायरन पोलार्ड का प्रमोशन, बनाए गए हेड कोच
पांच बार की आईपीएल विजेता मुंबई इंडियंस ने अपने नए हेड कोच के नाम का एलान कर दिया है। टीम ने कायरन पोलार्ड को यह जिम्मेदारी सौंपी है।

कायरन पोलार्ड बने मुंबई इंडियंस के हेड कोच

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। पांच बार आईपीएल का खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस ने कुछ ही दिन पहले महेला जयवर्धने से अपना नाता तोड़ लिया था। तब से टीम के हेड कोच का पद खाली पड़ा था जिसे अब भर दिया गया है। लंबे समय तक मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा रहे कायरन पोलार्ड को नया हेड कोच बनाया गया है। मुंबई ने शनिवार को एक बयान जारी कर इस बात की जानकारी दी।
पोलार्ड बतौर खिलाड़ी टीम के साथ खेले और खिताबी जीत में हिस्सा रहे। इसके बाद वह टीम के बैटिंग कोच के तौर पर काम कर रहे थे, लेकिन अगले सीजन से हेड कोच की जिम्मेदारी निभाएंगे।
16 साल से हैं साथ
पोलार्ड और मुंबई का साथ 16 साल पुराना है। अपने बयान में फ्रेंचाइजी ने लिखा, "मुंबई इंडियंस कायरन पोलार्ड को हेड कोच के तौर पर पदोन्नती का एलान कर काफी खुश है। यह क्रिकेट में खिलाड़ी से कोच बनने की शानदार दास्तान है।"
टीम की मालकिन नीता अंबानी ने पोलार्ड को कोच बनाए जाने पर खुशी जाहिर की और कहा, "पोलार्ड मुंबई में 22 साल के युवा के रूप में आए थे। बीते 16 सालों में वह टीम का अहम हिस्सा बन गए हैं। एक खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने हमें कई न भूलने वाली यादें दी है।"
कायरन पोलार्ड भी हुए खुश
पोलार्ड ने हेड कोच बनाए जाने पर खुशी जाहिर की है। उन्होंने कहा, "मुंबई इंडियंस के हेड कोच की जिम्मेदारी संभालना मेरे लिए सम्मान की बात है। मुंबई इंडियंस मेरे जीवन और करियर का अहम हिस्सा है और जो जुड़ाव मैं इस टीम, खिलाड़ियों और फैंस के साथ साझा करता हूं वो मेरे लिए काफी मायने रखती है।"
