जब कोच जॉन राइट ने पकड़ा वीरेंद्र सहवाग का कॉलर, भारतीय टीम के ड्रेसिंग रूम में जमकर हुआ था बवाल
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और कोच जॉन राइट के बीच ड्रेसिंग रूम में एक गंभीर घटना हुई थी। ...और पढ़ें

जॉन राइट-वीरेंद्र सहवाग

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम और क्रिकेटरों के कई किस्से खूब चर्चा में रहे हैं। कुछ किस्से मजेदार रहे हैं, जबकि कुछ बहुत अधिक गंभीर। इसी कड़ी में पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग और कोच जॉन राइट का किस्सा भी शामिल है। ड्रेसिंग रूम में एक बार सहवाग पर राइट इतना गुस्सा हो गए कि उन्होंने नजफगढ़ के नवाब का कॉलर पकड़ लिया था। सहवाग ने खुद इस बात का खुलासा किया था।
दरअसल, सहवाग अपनी आक्रामक शैली के लिए जाने जाते हैं। वे मैच किसी भी परिस्थिति में हो, लगातार अपने शॉट खेलते रहते थे। इस दौरान उन्हें सफलता भी मिली लेकिन कई बार अहम मौकों पर वे असफल हुए। इसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ता था। ऐसा ही कुछ 2002 में हुआ था, जब भारतीय टीम इंग्लैंड में नेटवेस्ट ट्रॉफी खेल रही थी और सहवाग फाइनल में खराब शॉट खेलकर आउट हो गए थे।
वीरेंद्र सहवाग पर जॉन राइट को आया था गुस्सा
साल 2002 में भारतीय टीम इंग्लैंड के दौरे पर थी, जहां पर टीम इंडिया के कप्तान सौरव गांगुली थे। वहीं भारत के कोच न्यूजीलैंड के जॉन राइट थे। भारत और इंग्लैंड के अलावा इस टूर्नामेंट में श्रीलंका भी खेल रही थी। फाइनल मुकाबला टीम इंडिया और अंग्रेजों के बीच खेला गया। मैच में सहवाग पारी की शुरुआत करने के लिए उतरे लेकिन वे खराब शॉट खेलकर आउट हो गए। इसके बाद कोच राइट को गुस्सा आ गया।
सहवाग जैसे ही ड्रेसिंग रूम में जा रहे थे, राइट ने उन्हें रोक लिया। उन्होंने पूर्व सलामी बल्लेबाज का कॉलर पकड़ लिया और उन्हें काफी कुछ कह गए। उनका गुस्सा यहीं पर शांत नहीं हुआ। वे राहुल द्रविड़ के पास गए और उनसे कहा कि अगर सहवाग इस तरह का शॉट खेलकर अगले मैच में आउट हुए, तो वे टीम से ड्रॉप कर देंगे।
इस घटना के बाद वीरु ने धमकी दी थी कि अगर कोच राइट ने माफी नहीं मांगी तो, वो ड्रेसिंग रूम से चले जाएंगे और तब तक मैच नहीं खेलेंगे, जब तक राइट उनसे माफी ना मांग लें।
सहवाग ने बीसीसीआई मैनेजर से की थी शिकायत
सहवाग ने इस घटना को लेकर एक इवेंट में खुलकर बात की थी। उन्होंने तब उस समय के बीसीसीआई मैनेजर राजीव शुक्ला से जॉन राइट की शिकायत भी की थी।
सहवाग ने बताया, 'मुझे जॉन राइट ने 2004 में इंग्लैंड दौरे पर धक्का दिया था। जब मैं सस्ते में आउट हो गया था, तब उसने कॉलर पकड़कर खींचा था। मैं गुस्सा था और राजीव शुक्ला से कहा, कोई गोरा कैसे मुझे मार सकता है। बाद में अमृत माथुर और राजीव शुक्ला ने मेरे और राइट के बीच सबकुछ ठीक करा दिया था।'
भारत ने जीता था फाइनल
फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ने जीत हासिल की थी। इंग्लैंड ने नेटवेस्ट ट्रॉफी के फाइनल में पहले बल्लेबाजी करते हुए 322 रन बनाए थे। भारत ने युवराज सिंह और मोहम्मद कैफ की शानदार पारियों के दम पर मैच को अपने नाम कर लिया था और अंग्रेजों को धूल चटाई थी। हालांकि, सहवाग और राइट का ये किस्सा काफी चर्चा में रहा।
