विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Towhid Hridoy ने रचा कीर्तिमान, 350 रनों की मैराथन पारी से तोड़ा तमीम इकबाल का महारिकॉर्ड

Published: Thu, 03 Sep 2026 11:39 AM (IST)

तौहीद हृदय ने एक पारी में 350 रन बनाने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बनकर देश के फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया।

तौहीद हृदय

तौहीद हृदय

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

स्‍पोर्ट्स डेस्‍क, नई दिल्‍ली। बांग्लादेश A के कप्तान तौहीद हृदय ने एक पारी में 350 रन बनाने वाले पहले बांग्लादेशी बल्लेबाज बनकर देश के फर्स्ट-क्लास रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया। उन्‍होंने यह यादगार पारी बुधवार को पॉचेफस्ट्रूम के NWC ओवल में खेली गई। इसी मैदान पर हृदय ने 2020 में बांग्लादेश को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने में मदद की थी।

चौथे दिन 204 रन से आगे खेलते हुए हृदय ने बांग्लादेश A की पारी के बाकी समय तक बल्लेबाजी जारी रखी और 481 गेंदों पर 27 चौकों और 10 छक्कों की मदद से नाबाद 350 रन बनाए। उनकी पारी की बदौलत बांग्लादेश A ने आठ विकेट पर 676 रन बनाकर पारी घोषित की। इससे उन्हें 164 रनों की बढ़त मिली; इससे पहले साउथ अफ्रीका A ने अपनी पहली पारी में 512 रन बनाए थे। मैच ड्रॉ होने से पहले साउथ अफ्रीका A ने बिना किसी नुकसान के 18 रन बना लिए थे।

 

 

हृदय की मैराथन पारी ने उन्हें फर्स्ट-क्लास क्रिकेट में तिहरा शतक लगाने वाला तीसरा बांग्लादेशी बल्लेबाज बना दिया है। खास बात यह है कि उन्होंने तमीम इकबाल के नाबाद 334 और रकीबुल हसन के नाबाद 313 रनों को पीछे छोड़ दिया है। वह अब बांग्‍लादेश की ओर से सबसे बड़ा फर्स्ट-क्लास स्कोर बनाने वाले बल्‍लेबाज बन गए हैं। इतना ही नहीं हृदय देश के बाहर फर्स्ट-क्लास मैच में 300 से ज्‍यादा रन बनाने वाले पहले बांग्लादेशी खिलाड़ी भी बन गए।

दक्षिण अफ्रीका के नजरिए से भी 350 रनों का यह स्कोर काफी अहम था। अब दक्षिण अफ्रीका में किसी विदेशी बल्लेबाज का हाइएस्‍ट फर्स्ट-क्लास स्कोर हृदय के नाम है। दक्षिण अफ्रीका में फर्स्ट-क्लास पारी के दौरान 350 रनों का आंकड़ा पार करने वाले उनके अलावा सिर्फ एक और बल्लेबाज स्‍टीफन कुक हैं। कुक ने 390 रन बनाए थे।
अपनी इस पारी के बारे में बात करते हुए हृदय ने कहा कि इस प्रदर्शन से उन्हें काफी आत्मविश्वास मिला है और उन्हें यकीन हो गया है कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी ऐसा ही खेल दिखा सकते हैं। मैच के बाद हृदोय ने कहा, "सच कहूं तो, इस पारी ने मुझे बहुत आत्मविश्वास दिया। 'मैन ऑफ द मैच' की ट्रॉफी लेने के बाद मुझे लग रहा था कि किसी दिन मैं नेशनल टीम के लिए भी ऐसी ही पारी खेलूंगा।"

 

 

रिकॉर्ड टूटने के बाद तमीम ने हृदोय को बधाई दी। तमीम इकबाल का 334 रन का स्कोर बांग्लादेश का अब तक का सबसे बड़ा फर्स्ट-क्लास स्कोर था। तमीम ने कहा कि किसी भी फर्स्ट-क्लास मैच में 350 रन बनाना एक असाधारण उपलब्धि है, लेकिन दक्षिण अफ्रीका में ऐसा करना इस कारनामे को और भी खास बनाता है।

साउथ अफ्रीका A ने चार मैचों की सीरीज 1-0 से अपने नाम की। प्रिटोरिया में खेले गए पहले मैच में मेजबान टीम का दबदबा रहा और उन्होंने एक पारी और 413 रनों से जीत हासिल की, जबकि दूसरे मैच में हृदय के रिकॉर्ड-तोड़ प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश हार टालने में कामयाब रहा।

यह भी पढ़ें- लिटन दास के हाथों में कमान, शांतो और हसन महमूद को मिला मौका; एशियन गेम्स के लिए बांग्लादेश टीम का एलान

यह भी पढ़ें- भारतीय टीम कब करेगी बांग्लादेश का दौरा? BCB अध्यक्ष तमीम इकबाल ने खोला राज