IND vs SL: क्या दूसरे दिन मैदान पर उतरेंगे केएल राहुल? कोच ने फिटनेस पर दिया बड़ा अपडेट
भारतीय टीम के बल्लेबाज केएल राहुल मैच के पहले दिन चोटिल होकर रिटायर हो गए थे। दिन का खेल खत्म होने के बाद टीम के बैटिंग कोच ने राहुल की फिटनेस को लेकर अपडेट दिया है।

केएल राहुल हो गए थे रिटायर

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। श्रीलंका के खिलाफ गॉल में खेले जा रहे पहले टेस्ट मैच के पहले दिन शनिवार को भारत को उस समय झटका लग गया था जब सलामी बल्लेबाज केएल राहुल तीसरे सेशन में बल्लेबाजी करने नहीं उतरे थे। राहुल शतक की तरफ बढ़ रहे थे और ऐसे में उनको चोट के कारण आराम करना पड़ा। टीम के बल्लेबाजी कोच सितांशू कोटक ने बताया है कि राहुल के क्या हाल हैं?
राहुल 77 रनों के निजी स्कोर पर रिटायर हो गए थे। उनको क्रैम्प्स के कारण परेशानी हुई थी जिसके चलते वह रिटायर हो गए थे। पडिकक्ल के साथ उन्होंने 150 रनों से ज्यादा की साझेदारी कर ली थी। ड्रेसिंग रूम में जाने से पहले राहुल को मैदान पर फिजियो भी देखने आए थे।
कोच ने दिया अपडेट
राहुल की स्थिति को लेकर चिंता जताई जा रही है। क्रैम्प्स के कारण उनको दाएं हाथ में भी परेशानी हुई थी और इसी कारण फिजियो मैदान पर आए थे। रिटायर होने के बाद मेडिकल टीम उनकी देखभाल कर रही है। हालांकि, कोच ने राहुल के संबंध में किसी भी तरह की चिंता से इनकार कर दिया है और कहा है कि वह बिल्कुल ठीक हैं।
कोटक ने कहा, "केएल ने शानदार बल्लेबाजी की। उनको क्रैम्पस आ गए थे। दिन के अंत तक वह ठीक हो गए थे। एक बार जब आपको क्रैम्पस शुरू होते हैं तो फिर ये हैमस्ट्रिंग में पहुंचते हैं, फिर ग्रोइन में और फिर हाथ में, लेकिन इस समय वह बिल्कुल ठीक लग रहे हैं। इसलिए वह कल खेलने को तैयार होंगे।"
राहुल की बल्लेबाजी से खुश हैं कोटक
कोटक राहुल की बल्लेबाजी से काफी खुश दिखे। उन्होंने कहा कि राहुल अपनी बल्लेबाजी क्रम को लेकर लचीले हैं और कहीं भी बल्लेबाजी कर सकते हैं। राहुल वनडे में भारत के लिए नंबर-5 या 6 पर खेलते हैं। वहीं टेस्ट में वह ओपनिंग करते हैं।
कोटक ने कहा, "वह ऐसे बल्लेबाज हैं, अगर आप देखेंगे तो वह वनडे में नंबर-5 या 6 पर बल्लेबाजी करते हैं। जब आप सीनियर बल्लेबाज होते हैं और आप किसी भी नंबर पर बल्लेबाजी करने के लिए तैयार रहते हैं और टीम की मदद करते हैं। मुझे लगता है कि वह महान खिलाड़ी हैं। वह टीम के लिए काफी उपयोगी हैं।"

