'PCB ने खुद का मजाक बनवाया', लॉर्ड्स टेस्ट के बहिष्कार की धमकी पर भड़के इमरान खान के बेटे
पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे कासिम और सुलेमान ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नकवी की आलोचना की।

कासिम और सुलेमान

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
आइएएनएस, लंदन। पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे कासिम और सुलेमान ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चेयरमैन मोहसिन नकवी की आलोचना करते हुए कहा है कि इंग्लैंड के विरुद्ध हाल ही में हुए लार्ड्स टेस्ट को छोड़ने की धमकी देकर बोर्ड ने खुद का मजाक बनवाया है।
यह विवाद दूसरे टेस्ट के दौरान तब शुरू हुआ था, जब स्काई स्पोर्ट्स ने इंग्लैंड के पूर्व कप्तान माइकल एथर्टन द्वारा खान के बेटों के साथ किए गए एक साक्षात्कार को प्रसारित किया था।
इमरान के दोनों बेटों ने जेल में बंद अपने पिता की बिगड़ती सेहत और पाकिस्तान की जेल की स्थितियों के बारे में बात की थी, जिसके बाद ऐसी खबरें आईं थी कि पीसीबी ने धमकी दी थी कि अगर साक्षात्कार का प्रसारण रद नहीं किया गया तो वे पहले दिन लंच के बाद के सेशन में मैदान पर नहीं उतरेंगे।
अब कासिम ने रविवार को द टेलीग्राफ से कहा कि पीसीबी ने खुद का मजाक बनवाया। वहीं सुलेमान ने कहा कि मैंने नहीं सोचा था कि वे इतने नासमझ होंगे कि मैदान पर न उतरने की धमकी देंगे। इमरान 22 साल तक इंग्लैंड में रहे। उनके बारे में किए गए साक्षात्कार को हटवाने की मांग करना पीसीबी के अधिकार क्षेत्र में नहीं होना चाहिए।
यह राजनीति के बारे में नहीं था, बल्कि मानवीय स्थिति और उनकी सेहत के बारे में था। इधर पाकिस्तान की राष्ट्रीय क्रिकेट टीम के चयनकर्ता का पद छोड़ने वाले पूर्व टेस्ट कप्तान मिस्बाह-उल-हक ने पाकिस्तान क्रिकेट में स्थानीय कोचों के मुकाबले विदेशी कोचों को ज्यादा अधिकार और ताकत मिलने की शिकायत की है।
