विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रायपुर एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, दिल्ली से आ रही एअर इंडिया फ्लाइट से पक्षी टकराया; सभी यात्री सुरक्षित

Updated: Wed, 17 Jun 2026 12:48 PM (IST)

एअर इंडिया की दिल्ली-रायपुर उड़ान रायपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान बर्ड हिट का शिकार हो गई। घटना में सभी यात्री सुरक्षित रहे, हालांकि तकनीकी जांच के कारण विमान ढाई घंटे देरी से रवाना हुआ।

पक्षी से टकराई एअर इंडिया की फ्लाइट। (फाइल फोटो)

पक्षी से टकराई एअर इंडिया की फ्लाइट। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. रायपुर एयरपोर्ट पर एअर इंडिया की उड़ान से पक्षी टकराया।

  2. बर्ड हिट के बाद विमान का ढाई घंटे तकनीकी निरीक्षण हुआ।

  3. सभी यात्री सुरक्षित रहे, विमान देरी से दिल्ली रवाना हुआ।

डिजिटल डेस्क, रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह एअर इंडिया की दिल्ली-रायपुर उड़ान बर्ड हिट की चपेट में आ गई। विमान की लैंडिंग के दौरान पक्षी टकराने की घटना हुई, जिसके बाद एहतियात के तौर पर विमान का तकनीकी निरीक्षण किया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।

जानकारी के अनुसार एअर इंडिया की फ्लाइट सुबह 8:15 बजे रायपुर पहुंचने वाली थी। विमान ने सुबह करीब 8:08 बजे रायपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग की, इसी दौरान विमान से पक्षी के टकराने की घटना हुई। बर्ड हिट की सूचना मिलते ही एयरपोर्ट और एयरलाइन प्रबंधन ने सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान का विस्तृत तकनीकी परीक्षण शुरू कराया।

ढाई घंटे तक चला विमान का निरीक्षण

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यही विमान सुबह 8:55 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना होने वाला था, लेकिन तकनीकी जांच और सुरक्षा मंजूरी मिलने तक उड़ान को रोके रखा गया। करीब ढाई घंटे तक चले निरीक्षण के बाद विमान को उड़ान के लिए फिट घोषित किया गया।

इसके बाद एअर इंडिया की फ्लाइट सुबह लगभग 11:35 बजे रायपुर से दिल्ली के लिए रवाना हुई। विमान के विलंब से संचालन प्रभावित हुआ और यात्रियों को निर्धारित समय से काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।

सभी यात्री सुरक्षित

एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक बर्ड हिट की घटनाओं को विमानन क्षेत्र में गंभीरता से लिया जाता है। ऐसे मामलों में विमान के इंजन और अन्य महत्वपूर्ण हिस्सों की विस्तृत जांच की जाती है ताकि किसी भी संभावित जोखिम को टाला जा सके। फिलहाल जांच पूरी होने के बाद विमान को सुरक्षित संचालन की अनुमति दे दी गई है। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ और सभी यात्री सुरक्षित रहे।

यह भी पढ़ें: टेक ऑफ के बाद AI एक्सप्रेस के विमान में तकनीकी खराबी, आसमान में लगाए 18 चक्कर; कन्नूर में सुरक्षित लैंडिंग