छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर: कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, फिर स्कूल बस से भिड़ी; युवक की मौत
बिलासपुर में तेज रफ्तार कार ने पहले स्कूटी सवार युवक को टक्कर मारी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान घायल युवक रुद्र प्रताप शर्मा की म ...और पढ़ें

छत्तीसगढ़ में रफ्तार का कहर। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
बिलासपुर में तेज रफ्तार कार ने स्कूटी सवार को टक्कर मारी।
कार अनियंत्रित होकर स्कूल बस से भी टकराई, युवक की मौत।
पुलिस ने वाहन जब्त कर जांच शुरू की, चालक फरार।
डिजिटल डेस्क, बिलासपुर। शहर में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह वेयर हाउस रोड स्थित संजीवनी हॉस्पिटल के सामने तेज रफ्तार कार के ड्राइवर ने पहले स्कूटी सवार युवक को जोरदार टक्कर मारी और इसके बाद कार अनियंत्रित होकर एक स्कूल की मिनी बस से जा भिड़ी।
हादसे में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जबकि मिनी बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गए। इधर इलाज के दौरान घायल युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने वाहन जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सिविल लाइन टीआई किशोर केंवट ने बताया कि रविवार की सुबह करीब 7:30 बजे कार तेज रफ्तार में वेयर हाउस रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए सामने से आ रही स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार युवक कई फीट दूर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क से गुजर रही स्कूल की मिनी बस से जा टकराई। टक्कर से बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए। आसपास के लोगों ने तत्काल घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया।
खबरें और भी
घायल की पहचान अभिषेक नगर मंगला निवासी रुद्र प्रताप शर्मा (18) पिता मुकेश शर्मा के रूप में हुई। हादसे की सूचना स्वजन को दी गई। प्राथमिक इलाज के बाद स्वजन उसे अपोलो ले गए, जहां इलाज के दौरान रुद्र प्रताप शर्मा की मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा-तेज थी कार की रफ्तार
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि कार बहुत तेज गति से चल रही थी। दुर्घटना के तुरंत बाद कार चालक और उसमें सवार अन्य लोग वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण किया और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगालने के साथ फरार चालक की तलाश कर रही है।
फुटेज खंगाल रही पुलिस
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि हादसे के बाद कार सवार लोग मौके से भाग निकले। कार को एक नाबालिग चला रहा था, उसके साथ मौजूद लोग हादसे की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वहां से चले गए।
इधर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाकारित वाहन को जब्त कर लिया है। आसपास के लोगों से घटना के संबंध में पूछताछ की गई है। साथ ही आसपास के सीसीटीवी के फुटेज लिए गए हैं। इससे वाहन चालक की पहचान की कोशिश की जा रही है।