फिर से 80 रुपये के पास पहुंचे NMDC के शेयर, क्या अब एक साल बाद आएगा ब्रेकआउट? एक्सपर्ट ने दिया ये जवाब
निफ्टी मेटल इंडेक्स के शेयर NMDC में पिछले कुछ कारोबारी सत्रों से खरीदारी का अच्छा रुझान देखने को मिल रहा ...और पढ़ें

नई दिल्ली। शेयर बाजार में 22 दिसंबर का दिन आईटी और मेटल शेयरों के नाम रहा। हालांकि, निफ्टी मेटल इंडेक्स में पिछले कुछ दिनों से लगातार तेजी देखी जा रही है और यह इंडेक्स अहम लेवल पर कारोबार कर रहा है। इस सेक्टर से आने वाले सभी शेयरों में अच्छी तेजी देखी जा रही है और पब्लिक सेक्टर की कंपनी NMDC के शेयरों में खरीदारी का अच्छा रुझान दिख रहा है।
खास बात है कि एनएमडीसी के शेयर फिर से 79-80 रुपये के अहम स्तर पर ट्रेड कर रहे हैं। एक्सपर्ट का मानना है कि अगर मेटल सेक्टर का यह शेयर इस लेवल को तोड़ता है तो इसमें बड़ी तेजी आ सकती है।
NMDC शेयर के लिए अहम लेवल क्या है?
नेशनल मिनरल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (NMDC) के शेयरों में 12 दिसंबर से बड़ी तेजी देखने को मिली, उस दिन यह शेयर करीब 3.50 फीसदी की तेजी के साथ बंद हुआ। 15 दिसंबर को भी बढ़त का यह सिलसिला जारी रहा, लेकिन इसके बाद गिरावट के चलते 76 रुपये के स्तर पर आ गया। हालांकि, 22 दिसंबर को यह शेयर 78.52 रुपये पर बंद हुआ।

आनंद राठी इन्वेस्टमेंट सर्विसेज के सीनियर इक्विटी रिसर्च मैनेजर, जिगर एस पटेल ने कहा, "एनएमडीसी के शेयरों के लिए 76 रुपये का स्तर काफी अहम सपोर्ट है जबकि 79 का लेवल सबसे स्ट्रॉन्ग रेजिस्टेंस है। अगर इस शेयर का भाव 79 रुपये के ऊपर जाता है तो इसमें बड़ी तेजी देखने को मिल सकती है और 82 रुपये के लक्ष्य तक संभव है। "
क्या Nift मेटल इंडेक्स और चढ़ेगा?
उधर, एनएमडीसी के शेयरों को निफ्टी मेटल इंडेक्स से भी सहारा मिल रहा है। मेटल शेयरों का यह सूचकांक 22 दिसंबर को करीब डेढ़ फीसदी की तेजी के साथ 10669 पर बंद हुआ। जिगर पटेल ने कहा कि 10650 के स्तर पर इस इंडेक्स का स्ट्रॉन्ग सपोर्ट है और अगर यह 10725 के अहम रेजिस्टेंस को तोड़ता है तो 10850 के स्तर देखने को मिल सकते हैं।
एक साल बाद बेहतर क्लोजिंग
एनएमडीसी के शेयरों ने एक साल बाद वीकली कैंडल पर 78 रुपये के ऊपर क्लोजिंग दी है, जो शेयर में तेजी के लिहाज से एक अच्छा संकेत है। इससे पहले नवंबर 2024 में एनएमडीसी के शेयर 79.55 रुपये के ऊपर क्लोज हुए थे। इसके बाद शेयरों ने 79 और 80 रुपये के लेवल को छुआ जरूर लेकिन वीकली बेसिस पर क्लोजिंग 78 रुपये के नीचे दी।
ये भी पढ़ें- 12 दिन में पैसा दोगुना करने के बाद गिरे Meesho के शेयर, लगा 10% लोअर सर्किट, ये है गिरावट की बड़ी वजह
(डिस्क्लेमर: यहां शेयरों को लेकर दी गई जानकारी निवेश की राय नहीं है। चूंकि, स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)
