एक नोटिस से Meesho के शेयर में मची तबाही, लगा 10% लोअर सर्किट; आखिर क्या आई कंपनी पर मुसीबत?
ई-कॉमर्स कंपनी मीशो (Meesho Share Price) को आयकर विभाग से लगभग 1,500 करोड़ रुपये की टैक्स डिमांड का नोटिस मिला है। कंपनी ने असेसमेंट ईयर 2023-24 के लि ...और पढ़ें

मीशो के शेयर में लगा लोअर सर्किट

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
नई दिल्ली। ई-कॉमर्स कंपनी मीशो को आयकर विभाग से लगभग 1,500 करोड़ रुपये की टैक्स डिमांड का नोटिस मिला है। कंपनी ने इस नोटिस को चुनौती देने का फैसला लिया है। मीशो ने शेयर बाजार को दी एक सूचना में कहा कि इसे छह मार्च को असेसमेंट ईयर 2023-24 के लिए आयकर विभाग से यह नोटिस मिला। इसमें विभाग की असेसमेंट यूनिट ने ब्याज समेत कुल 1,499.73 करोड़ रुपये की टैक्स डिमांड रखी है। इस खबर से मीशो के शेयर (Meesho Share Price) में 10% लोअर सर्किट लग गया है।
कितने पर आ गया मीशो का शेयर?
BSE पर मीशो का शेयर 159.10 रुपये के पिछले बंद स्तर के मुकाबले सुबह 147.60 रुपये पर खुला। फिर सवा 11 बजे के आस-पास इसमें 10 फीसदी लोअर सर्किट लग गया। साढ़े 12 बजे भी ये 15.90 रुपये या 9.99 फीसदी के लोअर सर्किट के साथ 143.20 रुपये पर है।
नोटिस से मीशो नहीं है सहमत
रेगुलेटरी सूचना के मुताबिक, मीशो से की गई टैक्स डिमांड कंपनी द्वारा घोषित आय में कुछ बढ़ोतरी और एडजस्टमेंट को आधार बनाते हुए जारी किया गया है। मीशो ने कहा कि वह इस आकलन आदेश की समीक्षा कर रही है और उसमें की गई टिप्पणियों और समायोजनों से सहमत नहीं है।
आवश्यक कदम उठाने की तैयारी
मीशो ने कहा, "हमारा मानना है कि कंपनी के पास इसे चुनौती देने के लिए पर्याप्त कानूनी एवं तथ्यात्मक आधार हैं और अपने हितों की रक्षा के लिए आवश्यक कदम उठा रहे हैं।" कंपनी ने बताया कि आकलन वर्ष 2022-23 के लिए भी इसी तरह की कर मांग रखी गई थी।
उस मामले में कर्नाटक उच्च न्यायालय ने 17 अप्रैल, 2025 को अंतरिम स्थगन दे दिया था और मामला अभी लंबित है। मीशो ने कहा कि मौजूदा आकलन आदेश और मांग नोटिस का कंपनी की वित्तीय स्थिति, परिचालन या अन्य गतिविधियों पर कोई बड़ा प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ेगा।
खबरें और भी
"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें [email protected] पर भेज सकते हैं।"
(डिस्क्लेमर: यहां शेयर की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)