सर्च करे
Home
फोकस
विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रॉफिट बढ़ने के बावजूद औंधे मुंह गिरा बंधन बैंक का शेयर, 14% टूटा भाव; ब्रोकरेज फर्मों का घटा भरोसा

Published: Wed, 22 Jul 2026 10:08 AM (IST)

बंधन बैंक ने पहली तिमाही में 35% शुद्ध लाभ वृद्धि दर्ज की, लेकिन प्रबंधन द्वारा जोखिम और RoA मार्गदर्शन में ...और पढ़ें

बंधन बैंक के शेयर में भारी गिरावट (AI फोटो)

बंधन बैंक के शेयर में भारी गिरावट (AI फोटो)

HighLights

  1. पहली तिमाही में बंधन बैंक का शुद्ध लाभ 35% बढ़ा

  2. मैनेजमेंट के RoA अनुमान में कटौती से शेयर 14% गिरा

  3. ब्रोकरेज फर्मों ने रेटिंग घटाई

नई दिल्ली। मंगलवार को बंधन बैंक (Bandhan Bank Q1 Results) ने पहली तिमाही के नतीजे पेश किए। पहली तिमाही यानी अप्रैल-जून के दौरान इसके नेट प्रॉफिट में सालाना आधार पर 35% की बढ़ोतरी हुई। मगर इसके बावजूद बैंक के शेयर (Bandhan Bank Share Today) में आज 14 फीसदी की गिरावट आई है। बैंक का शेयर 208.60 रुपये के मुकाबले सीधे 10 फीसदी लोअर सर्किट के साथ 187.75 रुपये पर खुला है और इसके बाद करीब 10 बजे तक ये 14 फीसदी गिरकर 179.25 रुपये पर है।

क्यों बढ़ा बंधन बैंक का प्रॉफिट?

बंधन बैंक के प्रॉफिट में बढ़ोतरी प्रोविजन में भारी कमी के कारण हुई, जबकि अधिक ऑपरेटिंग खर्चों की वजह से ऑपरेटिंग प्रॉफिट 19% कम रहा। नेट प्रॉफिट 502 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले साल की इसी अवधि में यह 372 करोड़ रुपये था। प्रोविजन 41% कम होकर 683 करोड़ रुपये के हो गए, जो पहले 1147 करोड़ रुपये थे।

मैनेजमेंट ने बताए रिस्क

बंधन बैंक के मैनेजमेंट ने अपनी अर्निंग्स कॉल में बताया है कि इसने अपने 'एग्जिट RoA' गाइडेंस को पहले के 1.6%-1.8% से घटाकर 1.2%-1.4% कर दिया है। मैनेजमेंट ने यह भी कहा कि डिपॉजिट की अधिक लागत के कारण मार्जिन पर दबाव बना रह सकता है।
मैनेजमेंट ने डिपॉजिट कॉस्ट, अनिश्चित ग्लोबल माहौल, मॉनसून और टेक्नोलॉजी पर अधिक खर्च को बैंक के लिए कुछ मुख्य जोखिमों के तौर पर बताया है।

मोतीलाल ओसवाल ने घटाई रेटिंग

मैनेजमेंट के जोखिम बताने से, ब्रोकरेज फर्म मोतीलाल ओसवाल ने स्टॉक की रेटिंग को 'बाय' (खरीदने की सलाह) से घटाकर 'होल्ड' (बनाए रखने की सलाह) कर दिया है, लेकिन इसका प्राइस टार्गेट ₹225 प्रति शेयर बनाए रखा है। यह मंगलवार के क्लोजिंग लेवल से 8% की बढ़त की संभावना दिखाता है।

जेपी मॉर्गन का अनुमान - 'गिरेगा शेयर'

मोतीलाल ओसवाल ने बंधन बैंक के लिए फाइनेंशियल ईयर 2027 और 2028 की अर्निंग्स के अनुमान को क्रमशः 14% और 6% घटा दिया है। इसने उम्मीद जताई कि बैंक अगले दो सालों में क्रमशः 1% और 1.4% का रिटर्न ऑन एसेट्स (RoA) देगा।
जेपी मॉर्गन ने बंधन बैंक पर अपनी 'न्यूट्रल' रेटिंग बनाए रखी है और इसका प्राइस टार्गेट ₹175 तय किया है। इसका मतलब है कि स्टॉक में 15% की गिरावट (मंगलवार के भाव से) आ सकती है। इसने कहा कि गाइडेंस में कटौती बंधन बैंक की अर्निंग्स कॉल का मुख्य फोकस रहा, जिसमें RoA और ग्रोथ गाइडेंस में बड़ी कटौती की गई। ब्रोकरेज ने यह भी कहा कि बैंक ने अपनी लोन ग्रोथ गाइडेंस को 14%-15% के टार्गेट के निचले स्तर पर कर दिया है।

नोमुरा ने बंधन बैंक पर अपनी "न्यूट्रल" रेटिंग बरकरार रखी है और इसके लिए ₹190 प्रति शेयर का प्राइस टार्गेट भी बनाए रखा है।

ये भी पढ़ें - ₹8 से ₹410 पर पहुंचा ये शेयर, अब दुनिया की सबसे बड़ी कोयला कंपनी के लिए बनाया सोलर प्लांट; दिखाई इंजीनियरिंग ताकत

"शेयर से जुड़े अपने सवाल आप हमें [email protected] पर भेज सकते हैं।"

(डिस्क्लेमर: यहां शेयर बाजार की जानकारी दी गयी है, निवेश की सलाह नहीं। जागरण बिजनेस निवेश की सलाह नहीं दे रहा है। स्टॉक मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है, इसलिए निवेश करने से पहले किसी सर्टिफाइड इन्वेस्टमेंट एडवाइजर से परामर्श जरूर करें।)