पश्चिमी चंपारण में पति के लिए खाना ले जा रही महिला को ट्रैक्टर ने रौंदा, 6 बच्चों के सिर से उठा मां का साया
हरनाटांड़ के लौकरिया थाना क्षेत्र के बकुली में एक सड़क हादसे में 40 वर्षीय सुमित्रा देवी की मौत हो गई। मंगलवार सुबह खेत में पति के लिए खाना ले जा रही ...और पढ़ें

HighLights
अनियंत्रित ट्रैक्टर की टक्कर से महिला की मौत।
मृतका सुमित्रा देवी खेत जा रही थीं खाना लेकर।
पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर जांच शुरू की है।
संवाद सूत्र, हरनाटांड़। लौकरिया थाना क्षेत्र के बकुली में मंगलवार की सुबह सड़क हादसे में अनियंत्रित ट्रैक्टर की ठोकर से एक अधेड़ महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान बकुली गांव निवासी राजधारी राय की पत्नी सुमित्रा देवी (40) के रूप में की गई है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुमित्रा देवी मंगलवार की सुबह खेत में काम कर रहे अपने पति के लिए खाना लेकर सैनिक रोड के रास्ते जा रही थीं।
इसी दौरान गन्ना लोड करने वाले लोडर से जुड़ा एक ट्रैक्टर तेज गति से आते हुए अनियंत्रित हो गया और सड़क के काफी किनारे पैदल चल रही महिला को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि महिला गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को सूचना दी गई।
घायल महिला को आनन-फानन में टेंपो के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़ लाया गया, जहां मौजूद चिकित्सक शिवम कुमार मिश्रा ने जांच के उपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चिकित्सक ने बताया कि महिला के सिर और मुंह पर गहरी चोटें आई थीं। अत्यधिक रक्तस्राव और गंभीर हेड इंजरी के कारण उनकी मृत्यु हो गई।
घटना को लेकर मृतका के पति राजधारी राय ने बताया कि वे सैनिक रोड के समीप खेत में काम कर रहे थे और उनकी पत्नी उनके लिए खाना लेकर आ रही थीं।
तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने सड़क के किनारे चल रही उनकी पत्नी को कुचल दिया। उन्होंने बताया कि पत्नी को बचाने के लिए हर संभव प्रयास किया गया, लेकिन दुर्भाग्यवश उसे नहीं बचाया जा सका।
6 बच्चों के सिर से उठा मां का साया
सुमित्रा देवी की चार बेटियां और दो बेटे हैं। इनमें से दो बेटियों की शादी हो चुकी है, जबकि शेष बच्चे अभी अविवाहित हैं। अचानक हुई इस दुर्घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम पसरा हुआ है। गांव के लोग शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। इधर, इस संबंध में लौकरिया थानाध्यक्ष ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम को घटनास्थल पर भेजा गया है।
दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को कब्जे में लिया जा रहा है। मामले की गहन जांच करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।