Bihar News : अब बंद घर की चिंता छोड़िए, बाहर जाते ही पुलिस रखेगी आपके मकान पर नजर
बेतिया पुलिस ने घर बंद कर बाहर जाने वाले लोगों के लिए नई व्यवस्था शुरू की है, जिसमें स्थानीय थाने को सूचना देने पर पुलिस गश्ती दल बंद घरों की निगरानी ...और पढ़ें

जानकारी देते वरीय पुलिस अधीक्षक कुमार गौतम।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। अब परिवार के साथ रिश्तेदारी, तीर्थ या घूमने जाने वालों को अपने बंद घर की सुरक्षा को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं होगी।
यदि आप घर में ताला लगाकर कुछ दिनों के लिए बाहर जा रहे हैं तो इसकी सूचना स्थानीय थाना को दें। इसके बाद आपके घर की सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस भी निभाएगी।
गश्ती दल ऐसे घरों पर विशेष नजर रखेगा, ताकि चोरी जैसी घटनाओं को रोका जा सके। हाल के दिनों में जिले में कई ऐसे मामले सामने आए हैं, जिनमें परिवार के बाहर रहने के दौरान बंद घरों को चोरों ने निशाना बनाया।
इसी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने यह नई व्यवस्था शुरू की है। इसके तहत बाहर जाने वाले लोगों को स्थानीय थाना को यह जानकारी देनी होगी कि वे कब घर छोड़कर जा रहे हैं और कब लौटेंगे। इसके बाद संबंधित थाना की गश्ती टीम ऐसे घरों की नियमित निगरानी करेगी।
गश्ती दल रखेगी निगरानी, संदिग्ध दिखे तो होगी तत्काल कार्रवाई
पुलिस के अनुसार यह व्यवस्था केवल औपचारिक नहीं होगी। रात की गश्ती के दौरान पुलिस टीम ऐसे मकानों के आसपास विशेष निगरानी रखेगी। यदि किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
इससे चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी। पुलिस का मानना है कि लोगों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से अपराधियों की योजना विफल होगी तथा नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ेगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बाहर जाने से पहले पड़ोसियों को भी इसकी जानकारी दें तथा घर के दरवाजे, खिड़कियां और बिजली के मुख्य स्विच की जांच कर लें। यदि घर में सीसीटीवी कैमरा लगा है तो उसे चालू रखें। इससे सुरक्षा और मजबूत होगी।
खबरें और भी
घर छोड़ने से पहले करें ये काम
- स्थानीय थाना को घर बंद रहने की सूचना दें
- बाहर जाने और लौटने की तिथि बताएं
- मोबाइल नंबर और वैकल्पिक संपर्क उपलब्ध कराएं
- पड़ोसी या रिश्तेदार का संपर्क नंबर भी दें
- घर के दरवाजे-खिड़कियां अच्छी तरह बंद करें
- सीसीटीवी या सुरक्षा उपकरण चालू रखें
लोग निश्चिंत होकर परिवार के साथ बाहर जा सकें, इसी उद्देश्य से यह व्यवस्था शुरू की गई है। स्थानीय थाना को सूचना देने पर गश्ती दल ऐसे बंद घरों पर विशेष निगरानी रखेगा। लोगों के सहयोग से चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सकेगा।
कुमार गौतम, वरीय पुलिस अधीक्षक, बेतिया।