पश्चिम चंपारण में बाघ ने धान की सोहनी कर रही महिला को घसीटकर मार डाला, 24 घंटे में दूसरी बड़ी वारदात
पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से सटे नौरंगिया गांव में बाघ ने धान की सोहनी कर रही एक महिला को मार डाला। यह 24 घंटे के भीतर बाघ का दूसरा हमला ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है। (फोटो-AI जनरेटेड)
HighLights
बाघ ने नौरंगिया में महिला को हमला कर मार डाला।
यह 24 घंटे में बाघ का दूसरा जानलेवा हमला है।
वन विभाग ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी है।
जागरण संवाददाता, बगहा (पश्चिम चंपारण्) । वाल्मीकि टाइगर रिजर्व (वीटीआर) से सटे इलाकों में बाघ का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को एक किसान पर जानलेवा हमले के बाद शुक्रवार की सुबह बाघ ने धान की सोहनी कर रही एक महिला को हमला कर मौत के घाट उतार दिया।
लगातार दो दिनों में हुई इन घटनाओं से नौरंगिया और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीण खेतों में जाने से डर रहे हैं। घटना वीटीआर के मदनपुर वन क्षेत्र अंतर्गत नौरंगिया स्थित मिश्रौलिया रेता की है।
महिला की पहचान नौरंगिया-दरदरी पंचायत के नौरंगिया वार्ड संख्या 13 निवासी रामायण सहनी की 45 वर्षीय पत्नी उमरावती देवी के रूप में हुई । वहअपने गांव के अन्य मजदूरों के साथ धान की सोहनी करने गई थी। इसी दौरान गन्ने के खेत में पहले से छिपे बाघ ने अचानक उन पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाघ महिला को दबोचकर गन्ने के खेत की ओर घसीट ले गया। साथ में काम कर रहे मजदूरों ने शोर मचाया, लेकिन बाघ महिला को लेकर आगे बढ़ गया।
घटना से घबराए मजदूर जान बचाकर वहां से भाग निकले और गांव पहुंचकर लोगों को सूचना दी। इसके बाद ग्रामीणों का समूह शोर मचाते हुए घटनास्थल की ओर पहुंचा।
लोगों की आवाज सुनकर बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। महिला के सिर व शरीर पर बाघ के हमले के गहरे निशान मिले हैं।
सूचना मिलते ही मदनपुर वन क्षेत्र पदाधिकारी नसीम अहमद अंसारी के नेतृत्व में वन विभाग की टीम तथा नौरंगिया थानाध्यक्ष राज रौशन मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वन विभाग ने आसपास के इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और बाघ की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। साथ ही दियारा क्षेत्र में रह रहे लोगों को अपने घर लौटने और अकेले खेतों में नहीं जाने का निर्देश दिया गया है। गौरतलब है कि एक दिन पहले गुरुवार को भी वाल्मीकिनगर क्षेत्र में बाघ ने एक किसान पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था।