बिना हेलमेट चलाना पड़ा सबसे महंगा, पश्चिम चंपारण में 14 हजार से अधिक चालान कटे
पश्चिम चंपारण में जनवरी से जून के बीच 23,950 वाहनों का चालान कर 3.90 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया। बिना हेलमेट वाहन चलाने पर सर्वाधिक कार्रवाई हु ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिम चंपारण) । सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस का वाहन जांच अभियान जारी है। इस साल जनवरी से जून के बीच यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 23,950 वाहनों की जांच किया है।
यातायात नियमों के उल्लंघन के मामले में उनपर तीन करोड़ 90 लाख 25 हजार 300 रुपये जुर्माना लगाया गया है। विगत छह माह के आंकड़े बताते हैं कि मार्च में चालान की संख्या सबसे अधिक रही, जबकि शमन शुल्क की सर्वाधिक वसूली फरवरी में हुई।
इसके बाद अप्रैल से जून तक चालान और शमन शुल्क में लगातार गिरावट दर्ज की गई। जनवरी में 4,201 वाहनों का चालान कर 68.28 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
फरवरी में कार्रवाई बढ़कर 4,609 वाहनों तक पहुंची और इसी माह सर्वाधिक 79.61 लाख रुपये शमन शुल्क वसूला गया। मार्च में के सर्वाधिक 4,755 वाहनों का चालान किया गया, जबकि शमन शुल्क 78.94 लाख रुपये रहा।
इसके बाद अप्रैल में 4,212, मई में 3,308 और जून में 2,865 वाहनों का चालान किया गया। जून में शमन शुल्क की वसूली घटकर 42.84 लाख रुपये रह गई।
हेलमेट लगाने में रुचि नहीं ले रहे बाइक चालक
विगत छह माह के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों पर हुई। इस अवधि में 14,183 चालान काटे गए और उनसे एक करोड़ 41 लाख 83 हजार रुपये शमन शुल्क वसूला गया।
इसके अलावा ट्रिपल लोडिंग के 2,597, तेज गति से वाहन चलाने के 2,070, बिना इंश्योरेंस के 1,590, बिना लाइसेंस के 1,392, नो पार्किंग के 996 तथा ध्वनि एवं वायु प्रदूषण संबंधी 863 मामलों में भी कार्रवाई की गई।
अन्य यातायात उल्लंघनों में 3,484 चालान किए गए। पुलिस के आंकड़े बताते हैं कि सड़क सुरक्षा के लिहाज से सबसे बड़ी चुनौती अब भी बिना हेलमेट वाहन चलाना, ट्रिपल लोडिंग और तेज गति से वाहन चलाना है।
कुल चालानों में अकेले बिना हेलमेट के मामलों की हिस्सेदारी लगभग 59 प्रतिशत रही, जिससे साफ है कि दोपहिया वाहन चालकों में नियमों के पालन को लेकर अभी भी जागरूकता की आवश्यकता है।
माहवार किए गए कार्रवाई
माह- चालान किए गए वाहन - शमन शुल्क (रुपये में)
- जनवरी 4,201-- 68.28 लाख
- फरवरी- 4,609 --79.61 लाख
- मार्च - 4,755 -- 78.94 लाख
- अप्रैल-- 4,212-- 69.03 लाख
- मई -- 3,308 -- 51.55 लाख
- जून -- 2,865 -- 42.84 लाख
कुल--23,950 --3,90,25,300 (3.90 करोड़)
कुल चालान: 23,950
- कुल शमन शुल्क: 3,90,25,300
- बिना हेलमेट: 14,183
- ट्रिपल लोडिंग: 2,597
- तेज गति: 2,070
- बिना इंश्योरेंस: 1,590
- बिना लाइसेंस: 1,392
- सभी श्रेणियों का योग = 23,950
-- छह माह की कुल शमन राशि : 3,90,25,300
सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से वाहन जांच अभियान लगातार चलाया जा रहा है। यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
अतनु दत्ता, यातायात डीएसपी, बेतिया।