Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 05, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

    Bihar Election: कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी जन सुराज, गठबंधन का क्या है प्लान? PK ने सब बताया

    Updated: Wed, 05 Mar 2025 02:37 PM (IST)

    जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने ऐलान किया है कि उनकी पार्टी 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में सभी 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंन ...और पढ़ें

    विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने बताया पूरा प्लान (फोटो- PTI)
    विधानसभा चुनाव को लेकर प्रशांत किशोर ने बताया पूरा प्लान (फोटो- PTI)

    HighLights

    1. बिहार की 243 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी जन सुराज: प्रशांत किशोर
    2. बेतिया में पत्रकारों को प्रशांत किशोर ने दी जानकारी
    3. लौरिया के साहू जैन स्कूल प्रांगण में जन सुराज की हुई पहली जनसभा

    जागरण संवाददाता, बेतिया। जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) में किसी अन्य दल से गठबंधन करने के सारे कयास पर विराम लगाते हुए कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में जन सुराज बिहार की सभी 243 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

    उन्होंने कहा कि जन सुराज बिहार बदलने का प्रयास है। चुनाव जीतकर किसी के साथ गठबंधन कर सरकार बनाने का सवाल ही नहीं उठता। इसलिए 2025 के विधानसभा चुनाव में भी जन सुराज बिहार की सभी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। मैं जब तक जीवित हूं, तब तक जन सुराज की सोच में कोई बदलाव नहीं होने दूंगा।

    वे लौरिया के साहू जैन स्कूल परिसर में जनसभा को संबोधित करने से पूर्व बेतिया सर्किट हाउस में पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिहार को राजद, जदयू, भाजपा एवं कांग्रेस ने लूटा है, इसलिए बिहार को बदलने के लिए इन दलों से गठबंधन करने की कल्पना भी नहीं की जा सकती।

    'चंपारण के लोगों ने झेला राजद का जंगलराज'

    उन्होंने कहा, ऐसा कहा जाता है कि चंपारण एनडीए का गढ़ है, लेकिन मेरा मानना है कि चंपारण की जनता के पास कोई राजनीतिक विकल्प नहीं रहा है। चूंकि यहां के लोगों ने राजद के जंगलराज को झेला है। इस वजह से यहां एनडीए के उम्मीदवारों को लोग वोट देते हैं। जैसे ही यहां लोगों के सामने जन सुराज का विकल्प आएगा, एनडीए को पता चल जाएगा।

    प्रेस वार्ता में विधान पार्षद अफाक अहमद, जनसुराज के पश्चिम चंपारण के प्रभारी गोपालगंज के विकास सिंह, रिटायर्ड आइएएस एके द्विवेदी, ललन यादव आदि उपस्थित थे।

    'मेरी सरकार बनी तो एक घंटे में हटाएंगे शराबबंदी कानून'

    बिहार में शराबबंदी नहीं है। यहां सिर्फ शराब की दुकानें बंद हैं। अगर जन सुराज की सरकार बनती है तो एक घंटे के अंदर शराबबंदी कानून को हटा दिया जाएगा। दुनिया में कही इसका प्रमाण नहीं है कि शराबबंदी के माध्यम से किसी समाज का आर्थिक, सामाजिक, नैतिक उत्थान ह़ुआ है। शराबबंदी की वजह से बिहार में करीब 15 से 20 हजार करोड़ का नुकसान हो रहा है।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि यह पैसा भ्रष्ट अफसरों, नेताओं एवं शराब माफियाओं की जेब में जा रहा है। गांधी जी का हवाला देकर शराबबंदी की बात कही जाती है, जबकि गांधी जी ने सामाजिक प्रयास से शराबबंदी करने की बात कही थी। वहीं, शराबबंदी से सबसे अधिक प्रताड़ित बिहार की महिलाएं हुई हैं।

    उन्होंने कहा कि शराबबंदी में कुल आठ लाख से अधिक मामले हुए हैं। छह लाख से अधिक केस में न्यायालय ने संज्ञान लिया है। 1.25 लाख लोग अभी भी अंडर ट्रायल जेल में हैं। जेल में बंद ये लोग गरीब, महादलित एवं पिछड़े वर्ग के हैं। इनका केस लड़ने वाला कोई नहीं है।

    'बिहार के 103 अनुमंडलों में करेंगे राजनीतिक सभा'

    उन्होंने कहा कि पदयात्रा अभियान की शुरूआत पश्चिमी चंपारण के भितिहरवा से की थी। अब जनसुराज एक दल बन गया है तो अगले दो माह में बिहार के 103 जिलों में राजनीतिक सभा करेंगे। इसकी शुरुआत भी आज (बुधवार) पश्चिम चंपारण से हो रही है।

    'नीतीश कुमार को आता है पीएम बनने का सपना'

    प्रशांत किशोर ने बिहार में डोमिसाइल नीति लागू नहीं होने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दोषी करार देते हुए कहा कि इन्हें प्रत्येक दो- तीन वर्ष पर पीएम बनने का सपना आता है, इसलिए ये सोचते हैं कि देश के अन्य प्रदेशों के युवाओं को बिहार में नौकरी मिलेगी तो वे इन्हें प्रधानमंत्री बनने के लिए वोट करेंगे।

    उन्होंने कहा कि बिहार के 50 लाख से अधिक लोग छह से आठ हजार रुपये के लिए बाहर नौकरी करने जाते हैं और उन्हें अपने राज्य में नौकरी नहीं मिल रही है। यहां जो भी सरकारी नौकरी मिल रही है, उसमें 50 प्रतिशत से अधिक अन्य प्रदेश के युवाओं को नौकरी मिल रही है।

    भाजपा और कांग्रेस पर हमला

    प्रशांत किशोर ने बिहार की दुर्दशा के लिए कांग्रेस और भाजपा को जिम्मेदार बताते हुए कहा कि अगर शराबबंदी इतना हीं फायदेमंद है तो भाजपा पूरे देश में शराबबंदी कानून क्यों नहीं लागू करती है। बिहार की बर्बादी के लिए लालू और नीतीश जिम्मेदार हैं, लेकिन सबसे बड़ी जिम्मेदार कांग्रेस और भाजपा है।

    कांग्रेस ने 15 वर्षों तक राजद के साथ गठबंधन कर लूटने की आजादी दी और अब भाजपा दे रही है। भाजपा नीतीश को मुखौटा बनाकर वोट लेना चाहते हैं। ये लोग इसबार अपना मुख्यमंत्री बनाएंगे।

    जन सुराज की सभा में मंच पर अफरातफरी

    लौरिया के साहू जैन स्कूल परिसर में प्रशांत किशोर की सभा में अचानक अफरातफरी मच गई। मंच पर स्थानीय नेताओं की भीड़ देखकर रामनगर बखरी की रेखा देवी मंच के पास जाकर चिल्लाने लगी।

    रेखा देवी ने कहा कि सभी नेता मंच पर छांव में बैठे हैं और कार्यकर्ता धूप में जल रहे हैं। अपने साथ आए सैकड़ों लोगों को लेकर वापस जाने लगी। अफरातफरी देख जन सुराज के कई वरीय नेता आए और रेखा देवी को समझा-बुझाकर शांत कराया। मंच पर बैठे स्थानीय नेता उतार दिए गए।

    ये भी पढ़ें- Bihar Politics: हो गया फाइनल! दिल्ली से बिहार पहुंचे मनोहर लाल ने बता दिया कौन होगा NDA का CM फेस

    ये भी पढ़ें- Nitish Kumar: विधानसभा में नीतीश कुमार का बड़ा खुलासा, लालू नहीं चाहते थे अति पिछड़ों का आरक्षण