विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बेतिया में 7 कट्ठा जमीन के लिए भिड़े पट्टीदार, जमकर चले लाठी-डंडे; कई जख्मी

Updated: Sat, 10 Jan 2026 03:04 PM (IST)

नरकटियागंज के मुरली भरहवा गांव में सात कट्ठा जमीन को लेकर पट्टीदारों के बीच हिंसक झड़प हुई। धान कटाई के दौरान हुए इस विवाद में दोनों पक्षों से लगभग एक ...और पढ़ें

जमकर चले लाठी डंडे। (जागरण)

जमकर चले लाठी डंडे। (जागरण)

HighLights

  1. भूमि विवाद में पट्टीदारों के बीच हिंसक झड़प हुई।

  2. धान कटाई के दौरान एक दर्जन लोग घायल हुए।

  3. पुलिस ने स्थिति संभाली, कानूनी कार्रवाई की तैयारी।

जागरण संवाददाता, नरकटियागंज। गौनाहा थाना क्षेत्र के मुरली भरहवा गांव में शुक्रवार को भूमि विवाद को लेकर पट्टीदारों के बीच हिंसक संघर्ष हो गया।

सात कट्ठा जमीन पर यह विवाद धान कटनी के दौरान देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले, जिसमें दोनों ओर से करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए हैं।

घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से गौनाहा व नरकटियागंज अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए बेतिया जीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।

एक पक्ष से घायलों में शेख आरस, शेख एनुल्लाह, शेख साहब, शेख तबरेज, परवेज मुशर्रफ और शेख पैगाम शामिल हैं। वहीं दूसरे पक्ष से शेख रुस्तम, शेख मुस्ताक, शेख इकराम और शेख इश्तेखार घायल हुए हैं। मारपीट में कुछ लोगों के सिर फूटने के साथ शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोटें आई हैं।

घायल शेख तबरेज ने आरोप लगाया कि विवादित भूमि पिछले 80 वर्षों से उनके जोत में है और उनके पास इसका करंट रसीद भी है। आरोप है कि दूसरे पक्ष ने जबरन कब्जा करने की नीयत से धान कटनी के दौरान विवाद खड़ा कर दिया, जिसके बाद मामला हिंसक हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्ष को समझा-बुझाकर फिलहाल मामला शांत करा दिया है।

गौनाहा थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि भूमि विवाद में पट्टीदारों के बीच मारपीट की सूचना मिली थी, जिस पर 112 मोबाइल टीम को मौके पर भेजा गया। दोनों पक्षों से आवेदन देने को कहा गया है। आवेदन प्राप्त होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।