Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    West Champaran : जदयू प्रखंड अध्यक्ष चुनाव हंगामे के बीच स्थगित, कार्यकर्ताओं में नोकझोंक

    By Anil Kumar Yadav Edited By: Dharmendra Singh
    Updated: Sun, 22 Feb 2026 06:04 PM (IST)

    पश्चिम चंपारण के बैरिया में जदयू प्रखंड अध्यक्ष पद का चुनाव हंगामे के कारण स्थगित कर दिया गया। नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही कार्यकर्ताओं के बीच तीखी ...और पढ़ें

    नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू। जागरण

    नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू। जागरण

    HighLights

    1. जदयू प्रखंड अध्यक्ष चुनाव हंगामे के कारण स्थगित।

    2. नामांकन के बाद कार्यकर्ताओं में तीखी नोकझोंक हुई।

    3. चुनाव प्रभारी ने स्थिति बिगड़ते देख प्रक्रिया रोकी।

    संवाद सूत्र, बैरिया (पश्चिम चंपारण) । जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के संगठनात्मक प्रखंड अध्यक्ष पद के लिए रविवार को प्रस्तावित चुनाव हंगामे के बीच स्थगित कर दिया गया। नामांकन प्रक्रिया पूरी होते ही कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

    मारपीट की आशंका को देखते हुए चुनाव प्रभारी ने तत्काल प्रभाव से चुनाव प्रक्रिया रोकने की घोषणा की। जदयू के चुनाव प्रभारी जगन्नाथ बैठा ने बताया कि पार्टी की ओर से प्रखंड अध्यक्ष पद का चुनाव संपन्न कराने के लिए उन्हें तथा सुमित सिंह को अधिकृत किया गया था।

    इसके लिए बैरिया प्रखंड के लौकरिया स्थित आरआर इंटरनेशनल स्कूल परिसर में चुनाव स्थल निर्धारित किया गया था। निर्धारित समय पर नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई, जिसमें वर्तमान प्रखंड अध्यक्ष बृजेश पटेल, सोहन चौधरी और रमेश पटेल ने अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।

    बताया गया कि नामांकन की समय-सीमा समाप्त होते ही वहां मौजूद समर्थकों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया। दोनों पक्षों के कार्यकर्ता एक-दूसरे पर अनियमितता और पक्षपात का आरोप लगाने लगे।

    देखते ही देखते माहौल गरमा गया और स्थिति हाथापाई की ओर बढ़ने लगी। हालांकि मौजूद वरिष्ठ नेताओं एवं पदाधिकारियों ने बीच-बचाव कर स्थिति को संभालने की कोशिश की, लेकिन तनाव कम नहीं हुआ। स्थिति को बिगड़ता देख चुनाव प्रभारी जगन्नाथ बैठा ने चुनाव प्रक्रिया को स्थगित करने की घोषणा कर दी।

    खबरें और भी

    उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन में अनुशासन सर्वोपरि है। किसी भी सूरत में अराजक माहौल में चुनाव नहीं कराया जाएगा। नई तिथि की घोषणा प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार की जाएगी।

    इधर, जदयू के सूर्यपुर पंचायत अध्यक्ष राजा गद्दी ने दावा किया कि अधिकांश पंचायत अध्यक्षों का समर्थन बृजेश पटेल को प्राप्त है। उन्होंने बृजेश पटेल को माला पहनाकर अपने स्तर से जीत की घोषणा भी कर दी और समर्थकों के साथ नारेबाजी की। इससे दूसरे प्रत्याशियों के समर्थकों में और नाराजगी देखी गई।

    वहीं तीनों प्रत्याशी अपनी-अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आए। सभी ने दावा किया कि उन्हें कार्यकर्ताओं का व्यापक समर्थन प्राप्त है। चुनाव स्थगित होने के बाद भी समर्थकों के बीच चर्चा और राजनीतिक सरगर्मी बनी रही।