Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पश्चिम चंपारण में खेत देखने गए दिव्यांग किसान पर भालू ने किया हमला, जबड़ा फाड़ा

    Updated: Tue, 26 May 2026 06:49 PM (IST)

    पश्चिम चंपारण के हरनाटांड़ में खेत देखने गए एक दिव्यांग किसान पर भालू ने हमला कर दिया, जिससे उनका जबड़ा फट गया और वे गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ...और पढ़ें

    घायल किसान का उपचार करते चिकित्सक डा. राजेन्द्र काजी। जागरण

    घायल किसान का उपचार करते चिकित्सक डा. राजेन्द्र काजी। जागरण

    HighLights

    1. पश्चिम चंपारण में दिव्यांग किसान पर भालू का हमला।

    2. हमले में किसान का जबड़ा बुरी तरह से फाड़ा गया।

    3. ग्रामीणों ने बचाकर गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया।

    संवाद सूत्र, हरनाटांड़ (पश्चिम चंपारण) । हरनाटांड़ में सुबह खेत देखने निकले दिव्यांग किसान को क्या पता था कि जंगल से आया भालू उनको लहूलुहान कर देगा। पश्चिम चंपारण में खेत के पास अचानक हुए भालू के हमले से इलाके में दहशत फैल गई।

    भालू ने किसान पर इतनी बेरहमी से हमला किया कि उनका जबड़ा तक फाड़ दिया। घायल किसान की चीख सुन ग्रामीण दौड़े, तब जाकर किसी तरह उसकी जान बच सकी।

    बता दें कि मंगलवार की दोपहर जंगल से सटे खेत देखने गए एक दिव्यांग किसान पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। हमले में किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान वाल्मीकिनगर थाना क्षेत्र के सखुअनवा गांव निवासी रंजीत उरांव (50) के रूप में हुई है। घटना के बाद स्वजन और ग्रामीणों में भय का माहौल है।

    किसान रंजीत उरांव मंगलवार को गोनौली वन क्षेत्र के सखुअनवा गांव के सरेह स्थित अपने खेत की ओर गए थे। खेत जंगल के बिल्कुल किनारे स्थित है। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे भालू ने अचानक उन पर हमला बोल दिया।

    अचानक हुए हमले से किसान संभल नहीं सका और बचाव के लिए जोर-जोर से चिल्लाने लगे। किसान की आवाज सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण लाठी-डंडे लेकर मौके पर पहुंचे।

    ग्रामीणों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग निकला। इसके बाद गंभीर रूप से घायल किसान को आनन-फानन में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हरनाटांड़ लाया गया, जहां चिकित्सक ने उनका प्राथमिक उपचार किया।

    पीएचसी में मौजूद डा. राजेंद्र काजी ने बताया कि भालू के हमले में किसान के सिर के बाएं हिस्से, सीने तथा चेहरे पर गंभीर जख्म हुए हैं। हमले में किसान का जबड़ा क्षतिग्रस्त हो गया है।

    स्थिति गंभीर देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अनुमंडलीय अस्पताल बगहा रेफर कर दिया गया। घटना के बाद जंगल से सटे गांवों के लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जंगली जानवरों की गतिविधियों पर निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

    खबरें और भी