सावन की रिमझिम फुहारों से बदला मौसम, पश्चिम चंपारण में आगे भी बारिश का पूर्वानुमान
Bihar Sawan Weather Forecast:सावन की शुरुआत पश्चिम चंपारण में रिमझिम बारिश और सुहाने मौसम के साथ हुई है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है। मौसम विभाग ...और पढ़ें

HighLights
सावन की शुरुआत रिमझिम फुहारों और सुहाने मौसम से।
भीषण गर्मी और उमस से लोगों को मिली बड़ी राहत।
अगले कुछ दिनों तक बारिश का पूर्वानुमान, फसलों को लाभ।
संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Bihar Weather News Sawan: सावन महीने की शुरुआत इस बार रिमझिम फुहारों और सुहाने मौसम के साथ हुई है। गुरुवार की सुबह से ही आसमान घने बादलों से ढका रहा और ठंडी हवाएं चलती रहीं।
हल्की बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी और उमस से काफी राहत मिली। भीगी सड़कों, पेड़ों की हरियाली और मिट्टी की सोंधी खुशबू ने पूरे वातावरण को खुशनुमा बना दिया।
मौसम का मिजाज बदलते ही लोग घरों से बाहर निकलकर सुहाने मौसम का आनंद लेते दिखे। शहर की चाय दुकानों पर लोगों की भीड़ जमने लगी और खुशनुमा माहौल बना रहा।
खेतों की ओर जाने वाले किसानों के चेहरों पर भी अच्छी बारिश की उम्मीद साफ नजर आई। तापमान में आई गिरावट और मौसम में नमी बढ़ने से दिनभर लोगों को राहत महसूस हुई।
शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक बादलों और हरियाली का सुंदर संगम देखने को मिला। तेज धूप न निकलने से सावन का प्राकृतिक सौंदर्य पूरी तरह जीवंत हो उठा।
मौसम विभाग के अनुसार बगहा और आसपास के क्षेत्रों में अगले कुछ दिनों तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इस दौरान रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश होने की प्रबल संभावना है।
सावन का पहला सप्ताह सुहाने मौसम और झमाझम फुहारों के बीच गुजरने के पूरे आसार हैं। इस बारिश से खरीफ फसलों को काफी लाभ मिलेगा और किसानों को राहत मिलेगी।