Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    नरकटियागंज में मेमू ट्रेन से कटकर मां-बेटी की मौत, आलू प्याज खरीदकर घर लौट रही थीं दोनों

    Updated: Mon, 10 Aug 2026 10:39 PM (IST)

    Narkatiaganj Train Accident: नरकटियागंज में मुजफ्फरपुर से आ रही मेमू पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से मां और पांच वर्षीय बेटी की दर्दनाक मौत हो गई। दो ...और पढ़ें

    मां और बेटी की मौत के बाद जांच करती पुलिस। फोटो: जागरण

    मां और बेटी की मौत के बाद जांच करती पुलिस। फोटो: जागरण

    HighLights

    1. नरकटियागंज में मेमू ट्रेन की चपेट में मां-बेटी की मौत।

    2. सोफवा गांव के पास रेलवे ट्रैक पार करते समय हुआ हादसा।

    3. किराना सामान खरीदकर घर लौट रही थीं जानकी देवी और पिंजल।

    जागरण संवाददाता, नरकटियागंज (पश्चिमी चंपारण)। Narkatiaganj Train Accident: नरकटियागंज-मुजफ्फरपुर रेलखंड पर नरकटियागंज जंक्शन से करीब ढाई किलोमीटर दूर सोफवा गांव के समीप सोमवार की शाम करीब छह बजे दर्दनाक हादसा हुआ।

    मुजफ्फरपुर से नरकटियागंज आ रही 63341 मेमू पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से मां और पांच वर्षीय बेटी की मौत हो गई। दोनों रेलवे ट्रैक पार कर घर लौट रही थीं।

    मृतकों की पहचान शिकारपुर थाना क्षेत्र के सोफवा गांव निवासी संकेश चौधरी की पत्नी जानकी देवी (30) और उनकी पांच वर्षीय पुत्री पिंजल कुमारी के रूप में हुई है।

    बताया जाता है कि सोफवा गांव रेलवे ट्रैक के दोनों ओर बसा है। सोमवार की शाम जानकी देवी बेटी के साथ किराना सामान खरीदने रेल ट्रैक पार कर दूसरे गांव गई थीं।

    आलू-प्याज आदि सामान खरीदने के बाद दोनों रेल ट्रैक पार कर घर लौट रही थीं। इसी दौरान ट्रैक पर पहुंचते ही मुजफ्फरपुर से नरकटियागंज की ओर आ रही मेमू पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आ गईं। हादसा रेलवे गेट संख्या 19 से करीब सौ मीटर की दूरी पर हुआ और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

    हादसे के बाद रेल ट्रैक पर शव पड़े रहने से कुछ समय के लिए रेल परिचालन प्रभावित हुआ। मुजफ्फरपुर से पोरबंदर जा रही 19270 पोरबंदर एक्सप्रेस को करीब एक घंटे तक साठी स्टेशन पर रोकना पड़ा। घटना की जानकारी मिलते ही रेल अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

    सूचना पर नरकटियागंज आरपीएफ पोस्ट कमांडर ऋतुराज कश्यप, रेल पुलिस के पदाधिकारी और शिकारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की। घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

    हादसे की खबर मिलते ही सोफवा गांव सहित आसपास के इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां-बेटी की एक साथ हुई मौत से पूरे गांव में मातम पसरा है।

    खबरें और भी

    शिकारपुर थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मां-बेटी की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हुई है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।