बिहार में बाढ़ का कहर, पश्चिम चंपारण में गंडक उफनाई, दर्जनों गांवों की सड़कों पर बह रहा पानी
Bihar Flood News: गंडक नदी के जलस्तर में वृद्धि से पश्चिम चंपारण के सिसवा मंगलपुर, चौमुखा और जरलपुर खुटवनिया पंचायतों में बाढ़ का कहर गहरा गया है। सड़ ...और पढ़ें

सड़क पर पानी चढ़ने की वजह से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है। लोग जान जोखिम में डालकर कहीं आ-जा रहे। फोटो: जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सूत्र, योगापट्टी (पश्चिम चंपारण)। West Champaran Flood News: गंडक नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि होने से प्रखंड के सिसवा मंगलपुर, चौमुखा और जरलपुर खुटवनिया पंचायत में बाढ़ का असर गहरा गया है।
पिछले 24 घंटों से गंडक नदी का जलस्तर स्थिर बना हुआ है, जिसके कारण इन पंचायतों में आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है। नदी का पानी अब ग्रामीण इलाकों की मुख्य सड़कों तक पहुंच गया है, जिससे चारों तरफ जलजमाव की स्थिति बनने से ग्रामीणों की परेशानी काफी बढ़ गई है।

सड़कों पर चढ़ा पानी
चौमुखा गांव को प्रखंड मुख्यालय से जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर करीब दो से तीन फीट तक पानी भर गया है। इसके कारण ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर आवागमन करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से सिसवा मंगलपुर पंचायत के आधा दर्जन से अधिक गांवों के घरों में पानी घुस गया है।

अस्त व्यस्त हुआ जीवन
घरों में पानी घुसने के कारण लोगों का आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और दैनिक कार्यों में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
सिसवा गांव के दर्जनों परिवारों के घरों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाने से उनके सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है। अंचलाधिकारी (सीओ) ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जलजमाव और बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया है।

सावधानी बरतने की अपील
सड़क पर गहरा पानी जमा होने के कारण सबसे अधिक परेशानी छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को हो रही है। चौमुखा पंचायत के मुखिया मुकेन्द्र यादव ने सभी ग्रामीणों से सतर्क रहने और बच्चों को जलजमाव वाले स्थानों से दूर रखने की अपील की है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि पानी की गहराई का अंदाजा लगाए बिना सड़क पार करने की कोशिश न करें।