पश्चिम चंपारण में कलश यात्रा के दौरान बड़ा हादसा, करंट लगने से दो बच्चों की मौत, 17 घायल
पश्चिम चंपारण के रामनगर में कलश यात्रा के दौरान 11000 वोल्ट तार की चपेट में आने से दो बच्चों की ...और पढ़ें

बगहा में जख्मी बच्चों का चल रहा इलाज।
HighLights
कलश यात्रा के दौरान करंट लगने से हादसा।
दो बच्चों की दर्दनाक मौत, 17 लोग झुलसे।
11000 वोल्ट तार से झंडे का संपर्क बना।
संवाद सूत्र, रामनगर (पश्चिम चंपारण)। खटौरी गांव से पूरब दोन नहर से जलबोझी कर लौट रहे ट्रैक्टर ट्राली पर बैठे बच्चों के हाथ में थमे झंडे में करंट आने से दो बच्चों की झूलसने से मौत हो गई है। जबकि 17 अन्य लोग झुलस गए हैं।
मृत दोनों बालक भैरोगंज थाना क्षेत्र के ससराव गांव निवासी यशवंत बीन का 10 वर्षीय पुत्र सर्वेश कुमार व प्रभु पड़ित का 12 वर्षीय पुत्र नीरज कुमार है।
वहीं ट्रैक्टर ट्राली पर सवार सभी 17 लोग गंभीर रूप से झुलस गए। जिनका इलाज स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामनगर में चल रहा है। घटना रविवार की है। भैरोगंज थाना क्षेत्र के ससराव स्थित कोट स्थान के लिए नवरात्र के पहले दिन कलश यात्रा निकाली गई।
खटौरी गांव से पूरब दोन नहर में जलबोझी किया गया। लौटने के क्रम में खिरिया स्थान के तरफ से उपवितरणी के रास्ते सभी कलश यात्रा में शामिल लोग लौट रहे थे।
बताया जाता है कि इसी यात्रा में एक ट्रैक्टर ट्राली पर बैठे बच्चों के हाथ में स्टील पाइप में भगवा झंडा था। जबकि इस रास्ते पर 11000 वोल्ट का तार थोड़ा नीचे लटक रहा था।
झंडा विद्युत तार के संपर्क में आ गया। जिसके कारण ट्रैक्टर ट्राली में विद्युत प्रवाहित होने लगा। जिसके चपेट में आकर 17 बच्चे झुलस गए। आनन फानन सभी को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया।
जहां चिकित्सकों ने सर्वेश व नीरज दोनों को मृत घोषित कर दिया। जबकि अन्य 17 लोगों का इलाज चल रहा है। इधर घटना की सूचना पर बगहा विधायक राम सिंह, बगहा एसपी राजेश कुमार , एसडीपीओ सत्येंद्र राम, थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तथा इलाजरत मरीजों से हाल-चाल पूछ उनके स्वजनों से बातचीत की।
चिकित्सक डॉ शाहिद इमाम ने बताया कि घायल सभी लोगों का कर्मियों के देखरेख में इलाज चल रहा है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है। उन्होंने बताया कि इलाज के दौरान दो बच्चों की स्थिति गंभीर हाेने पर रेफर कर दिया गया है।
