अब फटाफट होंगे दाखिल-खारिज, भूमि मापी व जमाबंदी सुधार, राजस्व कर्मी लौटे काम पर
Land Mutation Bihar: नरकटियागंज अंचल कार्यालय में 86 दिनों से हड़ताल पर चल रहे राजस्व कर्मचारी काम पर लौट आए हैं। इससे दाखिल-खारिज, भूमि मापी और जमाबं ...और पढ़ें

हड़ताल के बाद काम पर लौटे कर्मचारियों के साथ बैठक करते अंचलाधिकारी। फोटो सौ. जागरण

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, नरकटियागंज (पश्चिम चंपारण)। जिले के नरकटियागंज अंचल कार्यालय में 86 दिनों से हड़ताल पर चल रहे राजस्व कर्मचारियों ने सोमवार को सामूहिक रूप से काम पर वापसी कर ली।
कर्मचारियों के लौटते ही दाखिल-खारिज, भूमि मापी और जमाबंदी सुधार जैसे लंबित कार्यों में तेजी आने की उम्मीद बढ़ गई है।
लंबित मामलों में तेजी का निर्देश
काम पर लौटने के बाद अंचलाधिकारी सुधांशु शेखर ने कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्देश दिया कि हड़ताल के दौरान लंबित हुए सभी मामलों का निष्पादन एक सप्ताह के भीतर किया जाए।
सीओ ने कहा कि राजस्व न्यायालयों से जुड़े मामलों में अभिलेखों का मिलान और स्थलीय जांच पूरी गंभीरता से की जाए। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
हजारों आवेदन पड़े हैं लंबित
हड़ताल के कारण अंचल कार्यालय में बड़ी संख्या में आवेदन लंबित हो गए हैं। वर्तमान स्थिति के अनुसार दाखिल-खारिज के 503 मामले लंबित हैं।
इसके अलावा परिमार्जन के 1493 मामले, भूमि मापी के 57 मामले, जमाबंदी सुधार के 238 मामले और लोक शिकायत से जुड़े 14 आवेदन अब तक लंबित हैं। प्रशासन ने इन सभी मामलों के निपटारे के लिए एक सप्ताह की समय सीमा तय की है।
19 मई से लगेगा सहयोग शिविर
अंचलाधिकारी ने कर्मचारियों को 19 मई से शुरू होने वाले सहयोग शिविर की जानकारी भी दी। उन्होंने सभी राजस्व कर्मियों को शिविर में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया।
सीओ ने कहा कि शिविर का उद्देश्य मौके पर ही लोगों की समस्याओं का समाधान कर राहत पहुंचाना है। प्रशासन की प्राथमिकता जल्द से जल्द बैकलॉग खत्म करना और आम लोगों को समय पर सेवा उपलब्ध कराना है।
बैठक में राजस्व पदाधिकारी अशोक कुमार समेत सभी राजस्व कर्मचारी मौजूद रहे।