Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    बेतिया से सिवान तक चलेगी स्पेशल ट्रेन, मद्य निषेध एसआई परीक्षा हेतु विशेष इंतजाम

    Updated: Sat, 11 Jul 2026 06:34 PM (GMT+05:30)

    Bihar SI Exam: मद्य निषेध अवर निरीक्षक भर्ती परीक्षा के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे ने बेतिया से सिवान के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया ...और पढ़ें

    रेलवे प्रशासन ने बेतिया से सिवान के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। फाइल फोटो

    रेलवे प्रशासन ने बेतिया से सिवान के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। फाइल फोटो

    HighLights

    1. मद्य निषेध SI परीक्षा हेतु बेतिया-सिवान स्पेशल ट्रेन चलेगी।

    2. जिले के 13 केंद्रों पर 7104 अभ्यर्थी देंगे परीक्षा।

    3. कड़ी सुरक्षा, 10:30 बजे के बाद प्रवेश प्रतिबंधित।

    संवाद सूत्र, बेतिया (पश्चिम चंपारण)। bettiah siwan special train: बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग की ओर से आयोजित मद्य निषेध अवर निरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने बेतिया से सिवान के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है।

    रविवार को होने वाली परीक्षा के मद्देनजर यह विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षार्थी समय पर अपने परीक्षा केंद्र तक पहुंच सकें।

    दोपहर दो बजे बेतिया से खुलेगी स्पेशल ट्रेन

    रेलवे अधिकारियों के अनुसार परीक्षा स्पेशल ट्रेन दोपहर 2:00 बजे बेतिया स्टेशन से रवाना होगी। टीआई विनोद कुमार ने बताया कि ट्रेन बेतिया से चलकर हाजीपुर, सोनपुर और छपरा स्टेशन पर रुकते हुए सिवान पहुंचेगी। परीक्षा के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेल कर्मचारियों की अतिरिक्त तैनाती भी की जाएगी।

    आज 13 केंद्रों पर होगी परीक्षा

    रविवार को जिले के 13 परीक्षा केंद्रों पर मद्य निषेध अवर निरीक्षक भर्ती परीक्षा एकल पाली में आयोजित होगी। परीक्षा में 7104 अभ्यर्थी शामिल होंगे। जिला प्रशासन ने परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

    दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात

    प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर केंद्र प्रेक्षक, स्टैटिक दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है। इसके अलावा उड़नदस्ता दल, गश्ती दंडाधिकारी और वरीय अधिकारियों को भी निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। परीक्षा केंद्रों को अलग-अलग जोन में बांटकर प्रत्येक जोन के लिए जोनल दंडाधिकारी नियुक्त किए गए हैं।

    खबरें और भी

    सुबह 10:30 बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश

    जिला प्रशासन के अनुसार अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग का समय सुबह 9:30 बजे निर्धारित किया गया है। फ्रिस्किंग के बाद परीक्षा केंद्रों में प्रवेश सुबह 10:30 बजे तक ही दिया जाएगा। इसके बाद किसी भी परिस्थिति में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले केंद्र पर पहुंचने की अपील की है।

    इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित

    परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस और किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। परीक्षा की निगरानी के लिए जिला नियंत्रण कक्ष बनाया गया है तथा सभी केंद्रों पर पूरी परीक्षा अवधि के दौरान लगातार वीडियोग्राफी कराई जाएगी।

    500 गज की परिधि में निषेधाज्ञा

    सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए सभी परीक्षा केंद्रों के 500 गज के दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू रहेगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता, सुरक्षा और निष्पक्षता के साथ संपन्न कराई जाएगी।