दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौटे म्यूजिक सिस्टम संचालक की संदिग्ध स्थिति में मौत, जांच में जुटी बैरिया पुलिस
पश्चिम चंपारण के बैरिया में दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौटे एक म्यूजिक सिस्टम संचालक मंटू कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव का प ...और पढ़ें

मंटू कुमार। फाइल फोटो
संवाद सूत्र, बैरिया (पश्चिम चंपारण)। West Champaran News: पश्चिम चंपारण के बैरिया थाना क्षेत्र में दोस्त की बर्थडे पार्टी से लौटे एक म्यूजिक सिस्टम संचालक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
देर रात लौटने के बाद हुई घटना
मृतक की पहचान फुलियाखाड़ वार्ड संख्या सात निवासी अमरजीत राम के 20 वर्षीय पुत्र मंटू कुमार के रूप में हुई है। वह राक म्यूजिक सिस्टम का संचालन करता था।
मृतक की पत्नी पूजा कुमारी ने बताया कि मंटू बुधवार रात गांव के बगल स्थित वृत्ति टोला में अपने एक दोस्त के जन्मदिन समारोह में शामिल होने गए थे। रात करीब दो बजे वह घर लौटे, मोबाइल चार्जिंग पर लगाया और अपने कमरे में सोने चले गए। पत्नी बच्चों के साथ दूसरे कमरे में सो गई।
कमरे का दरवाजा अंदर से था बंद
करीब तीन बजे पत्नी ने खिड़की से देखा कि मंटू कमरे के अंदर दीवार के सहारे बैठे हुए हैं। पहले उसे लगा कि अधिक नशे की वजह से उनकी ऐसी स्थिति है।
चूंकि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, इसलिए उसने दीवार में बने एक छोटे सुराख के जरिए तीन वर्षीय बेटी को अंदर भेजकर दरवाजा खुलवाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
इसके बाद सुराख को बड़ा कर वह स्वयं कमरे में पहुंची। उसने पति पर पानी डाला, लेकिन शरीर में कोई हरकत नहीं हुई। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
परिजन तत्काल मंटू कुमार को गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतक अपने पीछे पत्नी, तीन वर्षीय पुत्री नेहा कुमारी और दो वर्षीय पुत्र हार्दिक कुमार को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा
घटना के बाद क्षेत्र में अधिक नशे के सेवन से मौत होने की चर्चा भी हो रही है। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध मौत का है। शव का पोस्टमार्टम करा दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।