बगहा में जामुन तोड़ने की मिली ऐसी सजा... पांच मासूमों को रस्सी से बांध धूप में खड़ा किया
बगहा में जामुन तोड़ने गए पांच नाबालिग बच्चों को एक महिला ने रस्सी से बांधकर तेज धूप में खड़ा कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को मुक्त कराया औ ...और पढ़ें

बगहा में रस्सी से बंधे बच्चे । सौजन्य- प्रधानाध्यापक
HighLights
जामुन तोड़ने गए पांच नाबालिगों को महिला ने बांधा।
बगहा में बच्चों को धूप में बांधकर खड़ा किया गया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया।
संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिम चंपारण) । बगहा दो प्रखंड के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय से जुड़ी एक घटना ने शुक्रवार को पूरे इलाके का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। आरोप है कि जामुन तोड़ने गए पांच नाबालिग बच्चों को गांव की एक महिला ने रस्सी से बांधकर तेज धूप में खड़ा कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को मुक्त कराया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
मध्याह्न अवकाश के दौरान हुई घटना
विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा लौकरिया थाना में दिए गए आवेदन के अनुसार, शुक्रवार दोपहर मध्याह्न अवकाश के समय कुछ बच्चे खेलते-खेलते गांव में स्थित जामुन के पेड़ के पास पहुंच गए थे। इसी दौरान महिला ने उन्हें पकड़ लिया और कथित रूप से रस्सी से बांध दिया।
शिक्षकों की अपील भी नहीं मानी
घटना की जानकारी मिलने पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक और अन्य शिक्षक मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला से बच्चों को छोड़ने का आग्रह किया, लेकिन आरोप है कि उसने उनकी बात नहीं मानी और अभद्र व्यवहार किया। इसके बाद डायल-112 पर सूचना दी गई।
करीब सवा दो घंटे बाद पुलिस ने कराया मुक्त
आवेदन के मुताबिक, बच्चों को दोपहर करीब एक बजे से 2:17 बजे तक धूप में बंधक बनाकर रखा गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चों को सुरक्षित मुक्त कराया। घटना के बाद बच्चों में दहशत का माहौल रहा।
खबरें और भी
पहले भी हो चुका है विवाद
विद्यालय प्रशासन ने अपने आवेदन में उल्लेख किया है कि संबंधित महिला का विद्यालय से पूर्व में भी कई बार विवाद हो चुका है। इस संबंध में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों द्वारा पहले भी प्रशासन से शिकायत किए जाने की बात कही गई है। आवेदन के साथ अभिभावकों के हस्ताक्षर तथा घटना से जुड़े फोटो और वीडियो भी उपलब्ध कराए गए हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
लौकरिया थाना पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि आवेदन में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।