Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    आसमान में बादलों का डेरा, बगहा में दिनभर झमाझम बारिश से मौसम सुहाना और वर्षा के आसार

    Updated: Thu, 09 Jul 2026 05:46 PM (IST)

    Bihar Monsoon News: बगहा में गुरुवार को सुबह से शाम तक रुक-रुक कर हुई बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहाना हो गया। यह बारिश धान और गन्ने ...और पढ़ें

    हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। फोटो: जागरण

    हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। फोटो: जागरण

    HighLights

    1. बगहा में गुरुवार को दिनभर रुक-रुक कर हुई बारिश।

    2. उमस भरी गर्मी से मिली राहत, मौसम हुआ सुहाना।

    3. धान और गन्ने की फसलों के लिए बारिश लाभकारी।

    संवाद सूत्र, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Bagaha Weather Update: बगहा नगर क्षेत्र में गुरुवार को मौसम पूरी तरह मेहरबान रहा। सुबह करीब चार बजे शुरू हुई बारिश का सिलसिला शाम पांच बजे तक रुक-रुक कर जारी रहा।

    पूरे दिन आसमान पर काले बादलों का डेरा रहा, जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई और कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोगों को बड़ी राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी गतिविधियां सक्रिय हैं और अगले दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

    सुबह से शाम तक बरसते रहे बादल

    सुबह से ही बादलों की आवाजाही बनी रही। कभी तेज तो कभी हल्की बारिश के कारण नगर क्षेत्र का जनजीवन कुछ प्रभावित रहा। लोग छाता और रेनकोट के सहारे अपने गंतव्य तक पहुंचे, जबकि बाजारों में सामान्य दिनों की अपेक्षा भीड़ कम रही। तेज बारिश के दौरान कई लोगों को दुकानों और सार्वजनिक स्थलों पर रुककर मौसम साफ होने का इंतजार करना पड़ा।

    धान और गन्ने के लिए राहत

    बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं। धान की रोपनी में जुटे किसानों ने इसे खेती के लिए बेहद लाभकारी बताया। खेतों में पर्याप्त पानी जमा होने से रोपनी कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।

    वहीं गन्ने की फसल को भी इस बारिश से संजीवनी मिली है। पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण किसान डीजल चालित पंपसेट के सहारे सिंचाई कर रहे थे, लेकिन गुरुवार की वर्षा से उनकी चिंता काफी हद तक दूर हो गई।

    खबरें और भी

    निचले इलाकों में जलजमाव 

    लगातार बारिश के कारण नगर के कुछ निचले इलाकों और प्रमुख सड़कों पर जलजमाव की स्थिति भी बन गई। इससे राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। हालांकि अधिकांश लोगों ने बारिश का स्वागत करते हुए इसे भीषण गर्मी और उमस से राहत देने वाला बताया।

    अभी और बारिश की संभावना

    दिनभर बदले मौसम का असर पूरे नगर क्षेत्र में देखने को मिला। लोग ठंडी हवा और सुहावने मौसम का आनंद लेते नजर आए। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसूनी गतिविधियां अभी सक्रिय बनी हुई हैं।

    ऐसे में बगहा अनुमंडल क्षेत्र में आने वाले दिनों में भी हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। किसानों को उम्मीद है कि यदि नियमित वर्षा जारी रही तो इस बार फसलों की पैदावार बेहतर होगी और कृषि कार्यों को भी गति मिलेगी।