बगहा में जर्जर दीवार गिरने से किशोर की मौत, शहतूत तोड़ने के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा
Teen Death Bihar: बगहा के रत्नमाला मोहल्ले में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां शहतूत तोड़ने के दौरान एक जर्जर दीवार गिरने से 12 वर्षीय किशोर निखिल शर्मा की ...और पढ़ें

दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसके नीचे किशोर दब गया। फोटो: जागरण
HighLights
बगहा में जर्जर दीवार गिरने से 12 वर्षीय किशोर की मौत।
शहतूत तोड़ने के दौरान हुआ यह दर्दनाक हादसा।
बारिश से कमजोर हुई दीवार, सिर में लगी गंभीर चोट।
संवाद सहयोगी, बगहा (पश्चिम चंपारण)। Bagaha Wall Collapse: नगर थाना क्षेत्र के रत्नमाला मोहल्ले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बेतिया जिले के साठी निवासी सुधीर शर्मा के पुत्र निखिल शर्मा के रूप में हुई है।
बताया गया कि निखिल अपने मामा के घर रत्नमाला आया हुआ था। कुछ दिन पहले उसकी नानी का निधन हो गया था और वह श्राद्ध कर्म में शामिल होने यहां पहुंचा था।
जानकारी के अनुसार, किशोर शहतूत तोड़ने के लिए एक पुराने और जर्जर दीवार पर चढ़ गया था। इसी दौरान अचानक दीवार भरभराकर गिर गई और वह उसके नीचे दब गया। घटना के समय क्षेत्र में रुक-रुक कर बारिश हो रही थी, जिससे दीवार पहले से ही कमजोर हो चुकी थी और हादसा जानलेवा साबित हुआ।
घटना के बाद स्वजन और स्थानीय लोग आनन-फानन में उसे अनुमंडलीय अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. पुष्प राज ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर के अनुसार, सिर में गंभीर चोट और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई थी।
हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्वजन बिना पोस्टमार्टम कराए ही शव को अपने साथ घर ले गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दीवार लंबे समय से जर्जर अवस्था में थी, लेकिन इसे लेकर कभी कोई ठोस पहल नहीं की गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ।