पिता सूबेदार, चाचा सूबेदार मेजर और अब बेटा बना लेफ्टिनेंट; CDS पास कर वैशााली के सन्नी ने बढ़ाया बिहार का मान
वैशाली के बिदुपुर प्रखंड के सन्नी कुमार सिंह ने संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा में सफलता हासिल कर लेफ्टिनेंट का ...और पढ़ें

सैन्य अधिकारी की वर्दी में सन्नी कुमार सिंह। सौ-स्वजन
संवाद सूत्र, बिदुपुर। वैशाली जिले के बिदुपुर प्रखंड की आमेर पंचायत के विष्णुपुर राजखंड निवासी सन्नी कुमार सिंह ने संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा में सफलता हासिल कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
सेना के सेवानिवृत्त सूबेदार देवानंद सिंह के पुत्र सन्नी प्रशिक्षण पूरा करने के बाद लेफ्टिनेंट बने हैं। उनकी पहली पोस्टिंग जम्मू-कश्मीर में आर्मी ऑर्डिनेंस कोर में हुई है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे गांव में खुशी का माहौल है।
सन्नी को सेना में अधिकारी बनने की प्रेरणा अपने परिवार से मिली। उनके परिवार में पहले से ही कई सदस्य सेना में सेवाएं दे चुके हैं।
उनके पिता देवानंद सिंह सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। वहीं, उनके चचेरे दादा रामप्रवेश सिंह सूबेदार मेजर के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं।
उनके चाचा सच्चिदानंद सिंह भी सेना में सूबेदार मेजर के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। परिवार में सेना से जुड़े माहौल ने सन्नी को भी देश की सेवा के लिए प्रेरित किया।
लखनऊ से दिल्ली तक हुई पढ़ाई
सन्नी की प्रारंभिक शिक्षा कक्षा एक से पांच तक आर्मी पब्लिक स्कूल, लखनऊ में हुई। इसके बाद उन्होंने कक्षा छह से 12वीं तक की पढ़ाई आर्मी पब्लिक स्कूल, दिल्ली से पूरी की।
आगे की पढ़ाई के लिए उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय में दाखिला लिया और वहां से स्नातक की डिग्री प्राप्त की। स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद सन्नी ने संयुक्त रक्षा सेवा (सीडीएस) परीक्षा में सफलता हासिल की।
इसके बाद उन्होंने चेन्नई में सैन्य प्रशिक्षण पूरा किया और लेफ्टिनेंट के रूप में अपनी सेवा शुरू की। उनकी पहली तैनाती जम्मू-कश्मीर स्थित आर्मी ऑर्डिनेंस कोर में हुई है।
माता-पिता और परिवार को दिया सफलता का श्रेय
फिलहाल सन्नी अपने माता-पिता के साथ दिल्ली में रह रहे हैं। उन्होंने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, दादा, चाचा और परिवार के अन्य सदस्यों को दिया।
उनका कहना है कि परिवार के लोगों की सेना में सेवा और उनके अनुभवों से उन्हें लगातार प्रेरणा मिलती रही। इसी प्रेरणा ने उन्हें सेना में अधिकारी बनने के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने में मदद की।
सन्नी की सफलता पर उनके चाचा विवेकानंद सिंह, मदनेश सिंह, अर्जुन सिंह, शिक्षक भगवान सिंह, महेश्वर सिंह, विपिन बिहारी सिंह, भिखारी सिंह, अभय सिंह, विश्वजीत सिंह और राम बहादुर सिंह सहित कई लोगों ने बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
