वैशाली के सबलपुर को बाढ़ से बचाने के लिए 51 करोड़ की योजना शुरू, 'गंगा अंबिका पथ' निर्माण को भी मिली मंजूरी
सोनपुर के सबलपुर दियारा क्षेत्र में बाढ़ और कटाव से स्थायी राहत के लिए 51 करोड़ रुपये की लागत से रिंग बांध का निर्माण कार्य शुरू हो गया है। ...और पढ़ें

शिलान्यास करते सांसद व विधायक। (जागरण)
HighLights
सबलपुर दियारा में 51 करोड़ का रिंग बांध शुरू।
बाढ़ और कटाव से हजारों लोगों को मिलेगी राहत।
सांसद रूडी और विधायक सिंह ने किया शुभारंभ।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। सोनपुर प्रखंड के सबलपुर दियारा क्षेत्र को बाढ़ और कटाव की समस्या से स्थायी राहत दिलाने के लिए करीब 51 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रिंग बांध निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ स्थानीय सांसद सह पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी और सोनपुर विधायक विनय सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान सांसद और विधायक ने स्वयं पोकलेन मशीन चलाकर निर्माण कार्य की शुरुआत की। दोनों जनप्रतिनिधियों के इस अंदाज का वहां मौजूद लोगों ने तालियों और जयघोष के साथ स्वागत किया।
बताया गया कि पिछले वर्ष आई बाढ़ और नदी कटाव के कारण सबलपुर क्षेत्र में भारी तबाही हुई थी। बड़ी संख्या में परिवार प्रभावित हुए थे और कई लोगों को घर छोड़ना पड़ा था।
इसके बाद ग्रामीणों ने एक कमेटी बनाकर सांसद से मुलाकात की थी। सांसद ने जल संसाधन विभाग के मंत्री और अधिकारियों से लगातार पहल की, जिसके बाद बिहार सरकार ने इस योजना को मंजूरी दी।
अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है। इस अवसर पर सांसद ने ने कहा कि रिंग बांध बनने से सबलपुर दियारा क्षेत्र के हजारों लोगों को बाढ़ और कटाव की समस्या से राहत मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सारण जिले में कई विकास योजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है। अधिकारियों और संवेदक को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप होना चाहिए। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
गंगा अंबिका पथ निर्माण की भी दी जानकारी
सांसद ने बताया कि सबलपुर के समीप से प्रस्तावित गंगा अंबिका पथ के निर्माण को भी स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही इस पर काम शुरू होगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से क्षेत्र में विकास के नए रास्ते खुलेंगे।
इस दौरान ग्रामीणों ने सांसद को ज्ञापन सौंपकर संगम धाम सबलपुर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने तथा गंगा अंबिका पथ को सबलपुर के तीनों ओर नदी किनारे से जोड़ने की मांग की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने की, जबकि संचालन सामाजिक कार्यकर्ता अविनाश शर्मा ने किया। इस मौके पर सांसद प्रतिनिधि राकेश सिंह, राजीव सिंह मुनमुन मौजूद थे।
वहीं, वरिष्ठ नेता नरेशु सिंह, मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह, आदित्य सिंह छोटू, मोनू कुमार, सरपंच दिलीप शर्मा, कार्यपालक अभियंता मनोज कुमार राय, संतोष कुमार प्रभाकर, एसडीओ धर्मेंद्र कुमार, सामाजिक कार्यकर्ता राहुल सिंह, मुखिया प्रतिनिधि अमरेंद्र सिंह, ओमप्रकाश सिंह आदि भी मौजूद थे।