Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    श्मशान का रास्ता बंद करने पर गुस्साए लोग, बिहार में बीच सड़क पर ही चिता सजा महिला का कर दिया अंतिम सस्कार

    Updated: Thu, 29 Jan 2026 11:15 PM (IST)

    गोरौल में श्मशान का रास्ता अवरुद्ध होने के कारण एक वृद्ध महिला, झपसी देवी, का अंतिम संस्कार सड़क के बीचों-बीच किया गया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि भू- ...और पढ़ें

    बीच रास्ते में शव का अंतिम संस्कार करते लोग। (जागरण)

    बीच रास्ते में शव का अंतिम संस्कार करते लोग। (जागरण)

    HighLights

    1. गोरौल में श्मशान का रास्ता अवरुद्ध होने से विवाद।

    2. वृद्ध महिला का शव सड़क पर जलाया गया।

    3. प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया।

    संवाद सूत्र, गोरौल। थाना क्षेत्र के सोंधो अंधारी गाछी के बीच चौक पर एक वृद्ध महिला के शव का दाह संस्कार कर दिया गया। सड़क के बीच शवदाह का कारण श्मशान तक जाने का रास्ता अवरुद्ध कर दिया जाना बताया गया है।

    बताया गया है कि यहां सड़क से पश्चिम श्मशान है, जहां आसपास के लोग शवदाह करते आ रहे है। आरोप है कि मुख्य सड़क से श्मशान तक जाने का रास्ता कुछ लोगों ने अवरुद्ध कर दिया है। यहां शवदाह के लिए जाने पर रास्ते में पड़ने वाले भूमि मालिकों ने रोक लगा दिया है। इसके बाद बीच सड़क पर ही शवदाह कर इसका विरोध किया गया है।

    जानकारी के अनुसार सोंधो निवासी दहाउर मांझी की पत्नी झपसी देवी की मौत हो गई थी। उनका शव लेकर मांझी टोले के लोग श्मशान ले जा रहे थे। इसी दौरान कुछ जमीन मालिकों ने उन्हें रोक दिया।

    बीच सड़क पर किया अंतिम संस्कार

    इससे आक्रोशित लोग बीच सड़क पर ही चिता सजाकर शवदाह कर दिया। इस दौरान गजेंद्र मांझी, जगदीश मांझी, राम मांझी, किशन मांझी, देवकी मांझी आदि का कहना था कि लगातार श्मशान का रास्ता रोका जा रहा है। इसके पहले भी शंभू मांझी की मां चनरी देवी का शव रोक दिया गया था।

    विरोध करने पर सभी लोगों को गाली-गलौज और मारपीट कर भगा दिया गया था। यहां इस तरह की घटनाएं कई बार हो चुकी है। शवदाह से रोका गया है।

    बीच सड़क पर शवदाह की सूचना मिलते ही गोरौल पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की छानबीन की। इस दौरान लोगों ने रास्ते की जमीन पर अतिक्रमण करने का आरोप लगाया। वहीं, आक्रोशित लोगों को समझने-बुझाने आए स्थानीय जनप्रतिनिधियों को खदेड़ दिया।

    खबरें और भी

    इस बीच बीडीओ पंकज कुमार निगम और सीओ दिव्या चंचल ने बताया कि सड़क की साफ-सफाई करा दी गई है। श्मशान जाने में हो रही परेशानी की जांच कराई जा रही है। अतिक्रमण का भी बात सामने आई है। श्मशान की भूमि सरकारी है। रास्ता रोकने वालो पर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

    जबकि प्रभारी थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर मामला शांत करा दिया है। वहीं, माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।