48 किलो गांजा और दोनाली राइफल के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, वैशाली पुलिस ने की कार्रवाई
बिदुपुर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर दाउदनगर गांव में छापेमारी कर एक महिला तस्कर रानी खातून को गिरफ्तार किया।

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी। (जागरण)
HighLights
बिदुपुर में गुप्त सूचना पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
महिला तस्कर रानी खातून 48.700 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार।
एक दोनाली राइफल भी बरामद, 'ऑपरेशन नीलकंठ' के तहत कार्रवाई।
जागरण संवाददाता, हाजीपुर। मद्य निषेध एवं जिला आसूचना इकाई के गुप्त सूचना के आधार पर बिदुपुर थाने की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दाउदनगर गांव में एक घर में छापामारी कर भारी मात्रा में गांजा और दो नाली बंदूक के साथ एक महिला तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
यह जानकारी वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी है। पुलिस ने 48.700 किलो गांजा और एक दोनाली राइफल बरामद किया है।
गिरफ्तार महिला तस्कर दाउदनगर वार्ड नंबर 7 निवासी मोहम्मद चांद की पत्नी रानी खातून बताई गई है। जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार वैशाली पुलिस द्वारा जिले में अवैध मादक पदार्थ के सेवन एवं बिक्री पर रोकथाम तथा तस्करों की गिरफ्तारी हेतु ऑपरेशन नीलकंठ चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में गुरुवार को बिदुपुर थाना को मद्यनिषेध पटना तथा जिला आसूचना इकाई के माध्यम से गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि थाना क्षेत्र के ग्राम दाउदनगर वार्ड नंबर सात में रानी खातून पति मो. चांद अपने घर में भारी मात्रा में गांजा छुपाकर रखी हुई है।
प्राप्त सूचना का सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई हेतु वरीय पुलिस अधीक्षक शुभांक मिश्रा के निर्देशानुसार अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर-1 हाजीपुर सुबोध कुमार के नेतृत्व में बिदुपुर थानाध्यक्ष के द्वारा दंडाधिकारी के साथ त्वरित कार्रवाई करते हुए उक्त स्थल पर छापामारी की गई।
राइफल के साथ किया गिरफ्तार
छापामारी के दौरान एक अवैध मादक पदार्थ तस्कर रानी खातून को 48.700 किलोग्राम गांजा तथा एक दोनाली राइफल के साथ गिरफ्तार किया गया।गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की गई तो उसके द्वारा अवैध मादक पदार्थ कहां से लाया गया था एवं किसको बेचने वाली थी, इसका खुलासा किया जा रहा है।
इस संदर्भ में बिदुपुर थाना कांड संख्या 498/26 दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। गौरतलब हो कि बिदुपुर थाना क्षेत्र अवैध मादक पदार्थ के नाम से चर्चित है।
यहां थाना क्षेत्र के विभिन्न गांव में अवैध मादक पदार्थ की बिक्री धड़ल्ले से की जाती है। मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक नियंत्रण ब्यूरो बिहार के गुप्त सूचना के आधार पर बिदुपुर थाना क्षेत्र में आए दिन मादक पदार्थ के साथ तस्कर को गिरफ्तार किया जाता है।
