सिवान में प्रदर्शन से पहले पुलिस-प्रशासन अलर्ट, JP चौक पर भारी सुरक्षा बल तैनात; DIG ने संभाला मोर्चा
सिवान में एसपी की बर्खास्तगी की मांग को लेकर आइसा और आरवाईए के प्रदर्शन के मद्देनजर प्रशासन हाई अलर्ट पर है। जेपी चौक समेत आसपास का इलाका छावनी में तब ...और पढ़ें

सिवान में गश्त के दौरान डीआईजी व डीएम। जागरण
HighLights
एसपी की बर्खास्तगी मांग पर आइसा-आरवाईए का विरोध प्रदर्शन।
सिवान में पुलिस प्रशासन हाई अलर्ट पर, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी।
डीआईजी नीलेश कुमार, डीएम ने की गश्त, स्थिति की समीक्षा।
जागरण संवाददाता, सिवान। आइसा और आरवाईए के प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए जिला प्रशासन ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस पदाधिकारियों, जवानों व दंडाधिकारियों की तैनाती की गई है।
प्रशासन की ओर से पुलिस अधिकारियों को लगातार स्थिति पर नजर रखने का निर्देश दिया गया है। शहर के जेपी चौक, बबुनिया मोड़, गोपालगंज मोड़ पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
दो सौ से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
तीनों स्थानों पर करीब दो सौ से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस प्रदर्शनकारियों की गतिविधियों के साथ आम लोगों और वाहनों की आवाजाही पर भी नजर रख रही है।
इसके अलावा शहर के अन्य संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल को अलर्ट मोड में रखा गया है। प्रदर्शन के दौरान भीड़ बढ़ने की आशंका को देखते हुए यातायात व्यवस्था को लेकर भी पुलिस को विशेष निर्देश दिए गए हैं।
प्रमुख मार्गों पर वाहनों का परिचालन सुचारु रखने के लिए पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। शहर में लगातार गश्त भी की जा रही है।
आवश्यक उपकरणों के साथ पुलिस मुस्तैद
पुलिस बल को आवश्यक उपकरणों के साथ तैयार रखा गया है। अधिकारियों ने किसी भी तरह की अफवाह या अप्रिय गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।